Monday, November 23, 2026
Home अन्य घना कोहरा और कड़ाके की ठंड, शीतलहर से जनजीवन हुआ प्रभावित

घना कोहरा और कड़ाके की ठंड, शीतलहर से जनजीवन हुआ प्रभावित

केकड़ी: ठंड से बचने के लिए अलाव तापते लोग।

केकडी, 5 जनवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): उपखण्ड क्षेत्र में गुरुवार को शीतलहर से जनजीवन प्रभावित रहा। केकड़ी सहित आसपास के इलाके में कोहरे से ठंड बढ़ गई। लोगों को हवा में बर्फ घुली होने का अहसास हुआ। तापमान में कमी के चलते हाड़ कंपाने वाली हवा चलने से सर्दी और भी ज्यादा मारक महसूस हुई। तेज ठंड के चलते जहां बुजुर्गों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, वहीं राजमार्गों पर सुबह-सुबह वाहन चालकों को हैडलाइट जलाकर चलाना पड़ा। कोहरे का आलम यह था कि सड़क पर दृश्यता पचास मीटर से भी कम थी। ऐसी स्थिति में वाहन रेंग-रेंग कर चल रहे थे। गर्म कपड़ों में लकदक होने के बावजूद पूरे दिन धूजणी छूटती रही। लोग दिन में भी अलाव तापते नजर आए।

होली तक रहेगा सर्दी का असर जानकारों के अनुसार इस साल बारिश अच्छी हुई है। बांध-तालाब लबालब हैं। जमीन नम है। भूगर्भ में पानी का स्तर बढ़ गया है। मौसम में बदलाव का असर इसी वजह से है। इस साल होली पर्व तक सर्दी का असर रहेगा। कड़ाके की ठंड का असर पशु-पक्षियों पर भी पड़ा है। दुधारू मवेशी अधिक दूध नहीं दे पा रहे। यदि सर्दी का सितम ऐसे ही जारी रहा तो रबी की फसलें पाले की चपेट में आ सकती है। वैसे सरसों व गेहूं की फसल को फायदा तो मिलेगा, लेकिन बर्फ गिरने से नुकसान की आशंका है।