Monday, November 23, 2026
Home धर्म एवं संस्कृति प्रान्हेड़ा में तीन दिवसीय प्रतिष्ठा महोत्सव का आगाज मंगलवार को

प्रान्हेड़ा में तीन दिवसीय प्रतिष्ठा महोत्सव का आगाज मंगलवार को

केकड़ी के समीपवर्ती प्रान्हेड़ा में नवनिर्मित नूतन जिनालय।

केकड़ी (आदित्य न्यूज नेटवर्क) समीपवर्ती प्रान्हेड़ा में श्री जैन श्वेताम्बर मूर्तिपूजक संघ के तत्वावधान में जीर्णोद्धार उपरान्त नवीन जिनालय में 10 से 12 मई तक जिन बिम्बों की भव्यातिभव्य प्रतिष्ठा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। संघ अध्यक्ष उदयसिंह संचेती ने बताया कि महोत्सव के समस्त कार्यक्रम मुनि आगम रत्न सागर, मुनि प्रशम रत्न सागर एवं मुनि वज्ररत्न सागर तथा साध्वी शुभदर्शना, साध्वी डॉ. समकित प्रज्ञा एवं साध्वी स्वस्ति प्रज्ञा की पावन निश्रा तथा अन्तरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त विधिकारक सिरोही निवासी मनोज कुमार हरण के मार्गदर्शन में होंगे। उन्होंने बताया कि 10 मई को सुबह गुरूभगवंतों का मंगल प्रवेश होगा। दोपहर में पार्श्वनाथ पंचकल्याणक पूजा का आयोजन किया जाएगा। 11 मई को भव्य वरघोड़ा, प्रतिष्ठा संबंधी चढ़ावे एवं मूलनायक का गंभारा प्रवेश, दोपहर में अठारह अभिषेक पूजन एवं रात्रि में भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। भजन संध्या में ब्यावर के अरिहंत कां​करिया सुमधुर भजनों की रमझट लगाएंगे। 12 मई को विघन हरण पार्श्वनाथ भगवान की महामंगलकारी प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। प्रतिष्ठा के बाद अभिनन्दन समारोह तथा अष्टोतरी शांति स्नात्र पूजा का आयोजन होगा। 13 मई को सुबह द्वारोद्घाटन एवं सत्तरभेदी पूजा का आयोजन किया जाएगा। सचिव भंवरलाल मेड़तवाल ने बताया कि महोत्सव के दौरान विधिकारक की भूमिका रूणिजा के प्रवीण जैन, नागदा के गौरव जैन एवं ढोढर के योगेश जैन निभाएंगे। कोषाध्यक्ष उमरावमल मेड़तवाल ने बताया कि महोत्सव को ऐतिहासिक एवं भव्य बनाने के लिए समस्त संघ एकजुटता के साथ तैयारियों को अन्तिम रूप देने में जुटा हुआ है।