केकड़ी, 20 नवम्बर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): जन-जन की आस्था के प्रतीक पोकी नाड़ी बालाजी परिसर स्थित खाटू श्याम मंदिर में शुक्रवार को बाबा श्याम का जन्मोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। श्री श्याम प्रेमी सेवा समिति एवं पोकी नाड़ी बालाजी विकास समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित धार्मिक आयोजन में दिनभर विभिन्न कार्यक्रम हुए। जन्मोत्सव को लेकर मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया तथा बाबा श्याम सहित अन्य देवी-देवताओं का अलौकिक श्रृंगार किया गया। आयोजन के तहत बाबा श्याम, भगवान लक्ष्मीनारायण, बालाजी महाराज एवं देवाधिदेव महादेव का विशेष श्रृंगार किया गया।

बाबा श्याम के जयकारे लगाए: पोकी नाड़ी बालाजी विकास समिति के अध्यक्ष जसराज चौधरी एवं श्री श्याम प्रेमी सेवा समिति के अध्यक्ष चंचल कुमार चौकड़ीवाल ने बताया कि जन्मोत्सव के अवसर पर सुबह चारभुजा मंदिर से विशाल निशान यात्रा निकाली गई। निशान यात्रा में श्रद्धालु बाबा श्याम के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। यात्रा पुरानी केकड़ी, लोढ़ा चौक, खिड़की गेट, सदर बाजार, घंटाघर, जूनिया गेट एवं जयपुर रोड होते हुए पोकी नाडी बालाजी परिसर स्थित खाटू श्याम मंदिर पहुंची। जन्मोत्सव के तहत सायंकालीन आरती के तुरंत बाद बाबा श्याम की पावन ज्योत प्रज्वलित की गई।













