Sunday, November 22, 2026
Home धर्म एवं संस्कृति सुप्रसिद्ध गाय मेले में उमड़े हजारों श्रद्धालु, चमत्कारी झांकी के किए दर्शन,...

सुप्रसिद्ध गाय मेले में उमड़े हजारों श्रद्धालु, चमत्कारी झांकी के किए दर्शन, गाय नहीं निकलने से छाई मायूसी, मंदिर के पुजारियों ने मांगी क्षमा

केकड़ी: सांपला में गाय मेले के दौरान दिव्य झांकी के दर्शन के लिए उमड़े ग्रामीण।

केकड़ी, 10 नवंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): समीपवर्ती सांपला में दीपावली के दूसरे दिन मंगलवार को गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट महोत्सव के अवसर पर प्रदेश प्रसिद्ध पारंपरिक गाय मेले का आयोजन श्रद्धा एवं उत्साह के साथ किया गया। सदियों पुरानी परंपरा से जुड़े इस मेले में भगवान द्वारकाधीश गोपाल जी महाराज की चमत्कारी झांकी के दर्शन करने के लिए अजमेर सहित जयपुर, टोंक, भीलवाड़ा, बूंदी, कोटा एवं प्रदेश के विभिन्न जिलों से हजारों श्रद्धालु सांपला पहुंचे। हालांकि इस बार गाय के भगवान के विमान के नीचे से होकर नहीं निकलने के कारण श्रद्धालुओं को निराशा हाथ लगी। मेले के दौरान चांदी का टिकरा आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा।

ढोल-नगाड़ों के साथ निकला भगवान का विमान: मंगलवार सुबह अन्नकूट महोत्सव के अवसर पर भगवान द्वारकाधीश गोपाल जी महाराज के मंदिर को गोमूत्र एवं पंचामृत से पवित्र किया गया। इसके बाद मंदिर के सभी पुजारियों ने नई जनेऊ धारण कर परंपरागत धार्मिक विधि-विधान संपन्न किए। सुबह करीब 11 बजे भगवान गोपाल महाराज का विमान मंदिर से रवाना हुआ। ढोल-नगाड़ों की मधुर स्वर लहरियों और भगवान के जयकारों के बीच निकली विमान यात्रा से पूरा कस्बा भक्तिमय हो गया। विमान राम चौक एवं मुख्य बाजार होता हुआ रावला चौक पहुंचा। मार्ग में श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भगवान का स्वागत किया।

केकड़ी: सांपला में गाय मेले के दौरान गायों को ठीकरे से खिलाते ग्रामीण।

हजारों श्रद्धालुओं ने किए चमत्कारी झांकी के दर्शन: रावला चौक में भक्त शिरोमणि अहिल्याबाई को भगवान ने दिव्य एवं चमत्कारी झांकी के दर्शन दिए। इस अलौकिक झांकी के दर्शन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। दूर-दराज के क्षेत्रों से आए हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन कर स्वयं को धन्य महसूस किया। इसके बाद ढोल-नगाड़ों के साथ भगवान का विमान कीर्ति स्तंभ पर लाया गया। यहां पारंपरिक रीति-रिवाज के अनुसार गाय मेले की मुख्य धार्मिक रस्म संपन्न की गई।

चांदी का ठीकरा बना आकर्षण का केंद्र, पीले रंग की गाय पहुंची विमान के समीप: गाय मेले के दौरान चांदी से निर्मित ठीकरे को लेकर मंदिर के पुजारी श्यामसुंदर शर्मा ने गायों के बीच विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा सभी गायों पर गंगाजल छिड़ककर धार्मिक परंपरा का निर्वहन किया। इसके बाद चांदी के ठीकरे को गायों के बीच घुमाया गया। इस दौरान करीब साढ़े 12 बजे सैकड़ों गायों के झुंड में से पीले रंग की एक गाय लोगों की भीड़ को चीरती हुई भगवान के विमान के समीप पहुंची। हालांकि गाय विमान के नीचे से होकर नहीं निकली और वापस लौट गई। श्रद्धालु काफी देर तक गाय के विमान के नीचे से निकलने की प्रतीक्षा करते रहे, लेकिन निर्धारित समय के दौरान यह परंपरा पूरी नहीं हो सकी। दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक इंतजार के बावजूद गाय के नहीं निकलने से श्रद्धालुओं में मायूसी छा गई।

केकड़ी: सांपला में गाय मेले के दौरान भगवान के विमान के नीचे गाय नहीं आने पर मंदिर के पुजारियों के हाथ बांधे गए।

गाय नहीं निकलने पर पुजारियों ने मांगी क्षमा: मेले से जुड़ी मान्यता के अनुसार निर्धारित समय में गाय के विमान के नीचे से नहीं निकलने पर मंदिर के सभी पुजारियों के हाथ पीछे बांधकर भक्त दामोदर दास की स्थली पर जाकर क्षमा याचना की जाती है तथा गाय के विमान के नीचे से निकलने की मन्नत मांगी जाती है। इसके बावजूद गाय नहीं निकलने पर परंपरा के अनुसार मंदिर के पुजारी भगवान के मंदिर में सवा रुपया चांदी का दंड अर्पित करते हैं। इस बार भी परंपरा का निर्वहन किया गया। मंदिर के पुजारी पूरे दिन अन्न-जल त्यागकर भगवान के विमान के साथ कीर्ति स्तंभ पर खड़े रहे। देर शाम जाट समाज के मोहल्ले में स्थित भगवान के भक्त हरका लाखा की भक्त स्थली पर पहुंचे पुजारियों को जाट समाज के लोगों ने जलपान करवाया।

भजनों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां, कस्बे में सजाई रंगोली: अन्नकूट महोत्सव के अवसर पर श्री गोपाल मंदिर में भजन संध्या का आयोजन किया गया। इसमें भजन गायक रतनलाल पीपलवा, हरिराम चौधरी, पवन सेन, हरिराम छिपा, परमानंद सेन, नोरतमल सेन सहित अनेक गायकों ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। देर शाम भगवान की संध्या आरती की गई तथा विमान की गांव में परिक्रमा लगाई गई। मेले के आयोजन को लेकर अजमेर जिले में निर्विरोध निर्वाचित सरपंच अर्जुन सिंह राठौड़ की ओर से विशेष व्यवस्थाएं की गईं। पूरे कस्बे में आकर्षक रंगोलियां सजाई गईं तथा पुष्पवर्षा, अतिथि सत्कार एवं अन्य व्यवस्थाओं के माध्यम से मेले को भव्य स्वरूप प्रदान किया गया।

पुलिस प्रशासन रहा मुस्तैद: मेले में उमड़ी हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए। पुलिस उप अधीक्षक मनोज कुमार गुप्ता एवं सदर थाना प्रभारी मुकेश कुमार गोरा मय पुलिस जाप्ते के मेले में मुस्तैद रहे। वहीं सरपंच अर्जुन सिंह राठौड़ की ओर से गठित मेला कमेटी के सदस्यों ने भी पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर व्यवस्थाएं संभालीं। मेले में असामाजिक गतिविधियों एवं पटाखे चलाने जैसी घटनाओं को रोकने के लिए कमेटी के सदस्यों ने विशेष निगरानी रखी। इस दौरान द्वारकाधीश गोपाल जी महाराज मंदिर के महंत एवं पुजारी श्यामसुंदर शर्मा, हरकचंद शर्मा, कैलाश शर्मा, जितेंद्र शर्मा, गोविंद सेवदा, केदार शर्मा, बृजराज शर्मा, मुकेश शर्मा, भेरूलाल शर्मा, राधेश्याम शर्मा, रामप्रसाद शर्मा सहित अनेक पुजारी भगवान के विमान को लेकर कीर्ति स्तंभ पर खड़े रहे। (इनपुट सहयोग: फतेह सिंह राठौड़, सांपला)