केकड़ी, 02 अक्टूबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): डोडा पोस्त की बरामदगी के करीब छह साल पुराने मामले में विशिष्ट न्यायाधीश एनडीपीएस संख्या-01 केकड़ी जयमाला पानीगर ने आरोपी जगदीश पुत्र मांगू निवासी संतोषपुरा थाना शाहपुरा जिला भीलवाड़ा को दोषी मानते हुए 10 वर्ष के कठोर कारावास एवं एक लाख रुपए के अर्थदंड की सजा सुनाई है। अर्थदंड जमा नहीं कराने पर छह माह का अतिरिक्त कठोर कारावास भुगतना होगा। प्रकरण के तथ्यों के अनुसार 6 सितंबर 2020 को पुलिस टीम प्रान्हेड़ा-भीमड़ावास मार्ग पर गश्त एवं चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पीले रंग का प्लास्टिक कट्टा लेकर जा रहा व्यक्ति पुलिस को देखकर मुड़कर जाने लगा। संदेह होने पर पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की तो उसने अपना नाम जगदीश बताया। कट्टे की तलाशी में 3.300 किलो डोडा पोस्त बरामद हुआ। आरोपी के पास इसके परिवहन का कोई वैध लाइसेंस या परमिट नहीं था। मामले में केकड़ी थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर अनुसंधान के बाद न्यायालय में चालान पेश किया।

अभियोजन पक्ष ने प्रस्तुत किए दमदार तर्क: अपर लोक अभियोजक मोहिन्दर जोशी ने बताया कि सुनवाई के दौरान 10 गवाह पेश किए तथा 53 दस्तावेज प्रदर्शित किए। बचाव पक्ष ने स्वतंत्र गवाह नहीं होने, धारा 42 एनडीपीएस एक्ट की पालना नहीं होने तथा गवाहों के बयानों में विरोधाभास का तर्क दिया। कोर्ट ने बरामदगी को गश्त के दौरान हुई आकस्मिक बरामदगी मानते हुए धारा 42 की पालना का प्रश्न नहीं माना। न्यायालय ने जब्ती, मालखाना रिकॉर्ड, एफएसएल रिपोर्ट और अन्य दस्तावेजी साक्ष्यों को अभियोजन के मामले की पुष्टि करने वाला तथा मामूली विरोधाभासों को घटना के कई वर्ष बाद हुई गवाही के कारण स्वाभाविक बताते हुए अभियोजन साक्ष्य को विश्वसनीय माना। अदालत ने आरोपी को दोषी ठहराते हुए 10 वर्ष का कठोर कारावास एवं एक लाख रुपए जुर्माने की सजा सुनाई।













