Monday, November 23, 2026
Home समाज मानव के प्रति वात्सल्य, करुणा व सहयोग ही वास्तविक धर्म: आर्यिका सुरम्यमति...

मानव के प्रति वात्सल्य, करुणा व सहयोग ही वास्तविक धर्म: आर्यिका सुरम्यमति माताजी

केकड़ी: नेमिनाथ मंदिर में प्रवचन करती आर्यिका सुरम्यमति माताजी।

केकड़ी, 01 अक्टूबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): आचार्य सुंदर सागर महाराज की सुशिष्या आर्यिका सुरम्यमति माताजी ने कहा कि मानव के प्रति वात्सल्यता, अपनापन, सहयोग, सुख-दुख में सहभागिता व दूसरों के दुखों के प्रति करुणा भाव रखना ही वास्तविक धर्म है। धर्म के प्रति श्रद्धा, आस्था व समझ विकसित होने पर ही मनुष्य जीवन जीने का सही ढंग सीख पाता है। वे बोहरा कॉलोनी स्थित नेमीनाथ मंदिर में प्रवचन कर रही थी। उन्होंने कहा कि सूर्य के उदित होने पर जिस प्रकार कमल खिल उठता है, उसी प्रकार मनुष्य को भी अपने अंधकारमय जीवन से बाहर निकलकर उदित सूर्य के समान लक्ष्य की ओर बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि इंसान अक्सर भौतिक चकाचौंध और मौज-मस्ती को ही सुखी जीवन का लक्ष्य मान लेता है, जबकि वास्तविक सुख आत्मिक शांति एवं प्रभु की शरण में मिलने वाला संतोष है। उन्होंने कहा कि प्रभु भक्ति से जीवन के विघ्नों का नाश होता है और मनुष्य संसार के ताप से बचकर आत्मिक सुख एवं शांति प्राप्त कर सकता है। इसके लिए प्रभु की शरण में जाना और धर्म के वास्तविक स्वरूप को समझना आवश्यक है।

केकड़ी: माताजी के पाद प्रक्षालन करते लाभार्थी परिवार के सदस्य।

दैनिक धार्मिक क्रियाएं: प्रातःकाल आर्यिका संघ के सानिध्य में जिनाभिषेक, शांतिधारा, जिनेन्द्र अर्चना सहित दैनिक धार्मिक क्रियाएं संपन्न हुईं। इस दौरान श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक धार्मिक आयोजनों में सहभागिता की। मीडिया प्रभारी रमेश बंसल एवं पारस जैन ने बताया कि कार्यक्रम में आचार्य श्री के चित्र अनावरण, दीप प्रज्वलन, पाद प्रक्षालन एवं शास्त्र भेंट करने का सौभाग्य कुन्दनमल, कमल कुमार मंगल गुलगांव परिवार तथा माणकचंद एवं गोपाल लाल सदारा परिवार को प्राप्त हुआ। दिलीप जैन ने बताया कि शाम को आरती, भक्ति संगीत, प्रश्न मंच—जिज्ञासा एवं समाधान तथा आनंद यात्रा का आयोजन किया गया। धर्मसभा का संचालन बाल ब्रह्मचारिणी कनक दीदी एवं पंडित निकेत शास्त्री ने किया। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्मलाभ प्राप्त किया।