केकड़ी, 30 अक्टूबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): विश्व स्ट्रोक दिवस के अवसर पर शुक्रवार को न्यायालय परिसर स्थित बार कक्ष में यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ होम्योपैथी के सामुदायिक चिकित्सा विभाग की ओर से स्ट्रोक (पक्षाघात) जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में अधिवक्ताओं एवं न्यायालय परिसर में उपस्थित लोगों को स्ट्रोक के शुरुआती लक्षणों, जोखिम कारकों, बचाव तथा समय पर उपचार के महत्व की जानकारी दी गई। चिकित्सकों ने बताया कि स्ट्रोक एक गंभीर चिकित्सकीय आपात स्थिति है, जिसमें मस्तिष्क तक रक्त की आपूर्ति बाधित होने अथवा रक्तस्राव के कारण जान का खतरा हो सकता है। चेहरे का एक ओर झुकना, हाथ-पैर में अचानक कमजोरी तथा बोलने या समझने में परेशानी इसके प्रमुख लक्षण हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर बिना देरी किए अस्पताल पहुंचना आवश्यक है। समय पर उपचार मिलने से जीवन बचाने के साथ स्थायी विकलांगता की आशंका भी कम की जा सकती है।

नियमित स्वास्थ्य जांच कराने पर जोर: शिविर में उच्च रक्तचाप, मधुमेह, असंतुलित जीवनशैली सहित अन्य जोखिम कारकों पर नियंत्रण रखने तथा नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया। कार्यक्रम का संचालन सामुदायिक चिकित्सा विभाग की विभागाध्यक्ष एवं एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. अनुश्री नागर के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में हुआ। महाविद्यालय के बी.एच.एम.एस. अंतिम वर्ष के छात्र-छात्राओं एवं इंटर्न विद्यार्थी अंशुल पुरोहित ने सक्रिय सहभागिता निभाई। महाविद्यालय के प्राचार्य एवं चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पुनीत आर. शाह ने शिविर की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जनहितकारी आयोजन गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान, रोकथाम और उपचार के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण हैं।

ये रहे मौजूद: इस अवसर पर बार एसोसिएशन के उपाध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पंचोली, सचिव समकित जैन, कोषाध्यक्ष रविशंकर पंवार, पुस्तकालय अध्यक्ष आदित्य भान सिंह राठौड़ सहित एडवोकेट लोकेश शर्मा, शिवप्रसाद पाराशर, मुकेश शर्मा, केदार चौधरी, सुरेन्द्र सिंह पंवार, आदिल कुरैशी, सीताराम मीणा, आशा पाराशर, सानिया सैन एवं चंद्रप्रकाश कुमावत सहित अनेक अधिवक्ता उपस्थित रहे। बार एसोसिएशन पदाधिकारियों एवं अधिवक्ताओं ने शिविर में सहयोग प्रदान करते हुए चिकित्सा टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।













