
केकड़ी, 05 नवम्बर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): जिला बार एसोसिएशन केकड़ी की ओर से पहली बार रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में अधिवक्ताओं सहित शहर के युवाओं एवं गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वेच्छा से रक्तदान किया। शिविर में कुल 33 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। इस पहल के माध्यम से अधिवक्ताओं ने मानव सेवा और सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया। शिविर के मुख्य अतिथि अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश संख्या दो केकड़ी प्रवीण कुमार वर्मा रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष चेतन धाभाई, सुरेंद्र सिंह राठौड़ एवं राम अवतार मीणा तथा वरिष्ठ अधिवक्ता नवल किशोर पारीक और रामसिंह राठौड़ उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सीताराम कुमावत ने की।

रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं: मुख्य अतिथि प्रवीण कुमार वर्मा ने रक्तदान को महादान बताते हुए समाज के प्रत्येक व्यक्ति से मानव सेवा के इस पुनीत कार्य में भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने बार एसोसिएशन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में सेवा और सहयोग की भावना को प्रोत्साहित करते हैं। इस मौके पर पूर्व अध्यक्ष चेतन धाभाई एवं सुरेंद्र सिंह राठौड़ ने भी विचार व्यक्त किए। बार एसोसिएशन अध्यक्ष सीताराम कुमावत ने कहा कि बार एसोसिएशन के नेतृत्व में पहली बार रक्तदान शिविर आयोजित किया गया है। रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है। प्रत्येक स्वस्थ अधिवक्ता ही नहीं, बल्कि प्रत्येक स्वस्थ नागरिक को वर्ष में कम से कम दो बार रक्तदान करना चाहिए, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध हो सके।

इन्होंने किया सहयोग: शिविर में राजकीय जिला चिकित्सालय केकड़ी के डॉ. लोकेश धाकड़ सहित ब्लड बैंक की टीम ने तत्परता से रक्त संग्रहण किया। चिकित्सकीय टीम ने बार एसोसिएशन की पहल और सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर बार एसोसिएशन के महासचिव समकित जैन, उपाध्यक्ष द्वारका प्रसाद पंचोली, कोषाध्यक्ष रवि शंकर पवार, पुस्तकालय अध्यक्ष आदित्यभान सिंह राठौड़, सामाजिक एवं सांस्कृतिक सचिव फरीद खान मंसूरी, सहकोषाध्यक्ष आशा पाराशर तथा कार्यकारिणी सदस्य विजेंद्र पाराशर, अमित बसेर, सानिया सेन एवं भारती पोपटानी सहित अन्य अधिवक्ताओं ने व्यवस्थाओं में सहयोग किया।











