Tuesday, November 24, 2026
Home धर्म एवं संस्कृति कलश यात्रा में उमड़ेगा श्रद्धा का सैलाब, तीन दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव...

कलश यात्रा में उमड़ेगा श्रद्धा का सैलाब, तीन दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के तहत होंगे विविध आयोजन

पोकी नाडी बालाजी मंदिर के प्रांगण में नवनिर्मित खाटू श्याम मंदिर व लक्ष्मीनारायण मंदिर में देव प्रतिमाओं की होगी स्थापना

केकड़ी, 11 फरवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): यहां जयपुर रोड पर पोकी नाडी बालाजी मंदिर प्रांगण में नवनिर्मित खाटू श्याम मंदिर व लक्ष्मीनारायण मंदिर में देव प्रतिमाओं की प्राण प्रतिष्ठा 14 फरवरी 2024 बुधवार को होगी। महोत्सव के तहत तीन दिन तक विविध धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। श्री श्याम प्रेमी सेवा समिति एवं पोकी नाडी विकास समिति के तत्वावधान में आयोजित महोत्सव की तैयारियां अंतिम दौर में पहुंच गई है। कार्यकर्ताओं की टीमें प्रचार प्रसार से लेकर विभिन्न कार्यक्रमों को भव्य बनाने के लिए जी—जान से जुटी हुई है।

पुष्पवर्षा से होगा स्वागत तीन दिवसीय महोत्सव के तहत पहले दिन 12 फरवरी 2024 सोमवार को सुबह 9 बजे भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। कलश यात्रा पुरानी केकड़ी स्थित प्राचीन चारभुजा मंदिर से रवाना होगी। जो नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए जयपुर रोड स्थित मंदिर परिसर पहुंच कर सम्पन्न होगी। कलश यात्रा में 1100 महिलाएं सिर पर कलश धारण कर शामिल होगी। कलश यात्रा में आकर्षक झांकिया सजाई जाएगी। नगर वासियों की ओर से विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा कर कलश यात्रा का स्वागत किया जाएगा।

सुप्रसिद्ध कलाकार देंगे भजनों की प्रस्तुति सोमवार को रात्रि में विशाल भजन संध्या का आयोजन होगा। जिसमे कोलकाता के शुभम—रूपम, दिल्ली की प्रिया—प्राची ठाकुर, केकड़ी के ऋषभ मित्तल एवं अजमेर के जॉन अजमेरी सुमधुर भजनों की रसगंगा बहाएंगे। इस दौरान खाटू श्याम का भव्य दरबार, ज्योत दर्शन, 56 भोग, इत्र वर्षा व पुष्पवर्षा सबके आकर्षण का केन्द्र रहेगी। तीन दिवसीय महोत्सव के तहत 12 से 14 फरवरी तक यज्ञाचार्य पंडित राधाशरण शर्मा के दिशा—निर्देशन में हवन एवं पूजा के कार्यक्रम होंगे।

ब्रज के कलाकार प्रस्तुत करेंगे नृत्य नाटिका महोत्सव के दूसरे दिन 13 फरवरी मंगलवार को सायं 7.15 बजे से श्री गिर्राज ब्रज कला संगम श्रीधाम गोरधन के मुकुट बिहारी कौशिक के निर्देशन में नृत्य नाटिका का आयोजन होगा। इस दौरान आकर्षक झांकियां भी सजाई जाएगी। तीसरे दिन 14 फरवरी 2024 बुधवार को सुबह 9.15 बजे से रामधुनी, 12.05 बजे पूर्णाहुति, 12.15 बजे मूर्ति स्थापना, 12.30 बजे कलश व ध्वजा स्थापना एवं 2.15 बजे से महाप्रसादी का आयोजन होगा।