Monday, November 23, 2026
Home धर्म एवं संस्कृति धूमधाम से हुई विघ्नहर्ता की विदाई, उत्साह से निकाली गणेश विसर्जन की...

धूमधाम से हुई विघ्नहर्ता की विदाई, उत्साह से निकाली गणेश विसर्जन की शोभायात्रा

केकड़ी: गणपति प्रतिमा विसर्जन के लिए निकाले गए जुलूस में अखाड़ा प्रदर्शन करता बालक।

केकड़ी, 17 सितंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी के विभिन्न स्थानों पर चल रहा दस दिवसीय गणपति महोत्सव मंगलवार को गणेश विसर्जन के साथ सम्पन्न हो गया। गणपति विसर्जन से पहले विभिन्न स्थानों से शोभायात्राएं निकाली गई जो घण्टाघर से विशाल स्वरूप में बदल गई। यहां से नगर के सभी प्रमुख स्थानों पर स्थापित गणपति की प्रतिमाओं को झांकियों के रूप में सजाकर जुलूस में शामिल किया गया। जुलूस में अनेक झांकियां शामिल हुई। गणपति बप्पा मोरिया…, अगले बरस तू जल्दी आ…, देवा ओ देवा गणपति देवा… सहित अन्य गीतों की स्वर लहरी गुंजाते श्रद्धालु डीजे की धुन पर नाचते-गाते जुलूस में शामिल हुए।

केकड़ी: गणपति प्रतिमा विसर्जन के लिए निकाले गए जुलूस में डांडिया नृत्य करते युवक युवतियां।

नवयुवकों ने किया अखाड़ा प्रदर्शन गुलाल उड़ाते, डांडिया नृत्य करते युवक-युवतियों का जोश देखते ही बन रहा था। जुलूस में शामिल झांकियां लोगों को मोहित कर रही थी। नगर के विभिन्न अखाड़ों के नवयुवकों ने सामूहिक व्यायाम का हैरत अंगेज प्रदर्शन किया। लोगों ने गणेश प्रतिमाओं पर पुष्प वर्षा कर व गुलाल उछालकर रंगो से सराबोर कर दिया। जुलूस नगर के विभिन्न मार्गों से होता हुआ कचहरी परिसर पहुंचा जहां गणपति बप्पा मोरिया व मंगलमूर्त्ति मोरया के जयकारों के साथ गणपति प्रतिमाओं को विसर्जित किया गया। प्रतिमा विसर्जन कार्यक्रम के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहा।