केकड़ी, 20 नवंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): सावर थाना क्षेत्र के ग्राम टांकावास में युवक की हत्या को सड़क दुर्घटना का रूप देने के मामले का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में एक 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है, जबकि वारदात में शामिल एक विधि विरुद्ध संघर्षरत बाल अपचारी को निरुद्ध किया है। आरोपियों ने पत्थर से मृतक की छाती और चेहरे पर 15 से 20 वार कर उसकी निर्मम हत्या कर दी थी। इसके बाद शव को मौके पर छोड़कर घटनास्थल से फरार हो गए थे, ताकि मामला सड़क हादसा प्रतीत हो। पुलिस के अनुसार टांकावास निवासी नन्दलाल रेगर ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि उसका छोटा भाई राकेश रेगर (35) गत 17 नवंबर की शाम करीब 7:30 बजे मोटरसाइकिल लेकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। रिपोर्ट में अजय पुत्र सोहन लाल रेगर पर भाई की हत्या करने का आरोप लगाया गया। इस पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) एवं 238(ए) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

विशेष टीम का किया गठन: मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मील एवं वृत्ताधिकारी मनोज कुमार गुप्ता के निकटतम सुपरविजन में सावर थानाधिकारी बनवारी लाल मीणा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए मोबाइल फोरेंसिक यूनिट अजमेर, एमओबी टीम एवं डॉग स्क्वायड की मदद से मौका निरीक्षण करवाया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि राकेश की मौत सड़क दुर्घटना में नहीं, बल्कि गंभीर मारपीट के कारण हुई थी। पुलिस ने मुखबिर तंत्र एवं आसूचना संकलन के आधार पर नामजद आरोपी अजय कुमार रेगर को डिटेन कर गहनता से पूछताछ की तो उसने एक बाल अपचारी के साथ मिलकर हत्या करना स्वीकार किया।

शराब पिलाने के बहाने सुनसान जगह ले गए: पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि दीपावली से पूर्व मृतक राकेश और आरोपी अजय के पिता सोहन लाल के बीच झगड़ा हुआ था। इस बात को अजय ने अपने पिता की बेइज्जती मान लिया और रंजिश पाल ली। इसी का बदला लेने के लिए उसने अपने दोस्त बाल अपचारी को शराब पिलाने का लालच देकर हत्या की योजना में शामिल कर लिया। योजना के अनुसार 17 नवंबर की शाम अजय और बाल अपचारी राकेश को शराब पीने के बहाने मोटरसाइकिल पर बैठाकर ग्राम टांकावास से कुछ दूर नई कुई जाने वाले कच्चे रास्ते पर सुनसान जगह ले गए। वहां तीनों ने देशी शराब पी। आरोप है कि अजय ने राकेश को अधिक शराब पिलाई। जब राकेश अत्यधिक नशे में हो गया और मोटरसाइकिल से जाने लगा तो अजय ने मोटरसाइकिल में लात मारकर उसे नीचे गिरा दिया।

हादसे का रूप देने की कोशिश: पुलिस के अनुसार इसके बाद अजय राकेश की छाती पर बैठ गया और पास में पड़े पत्थर से बाल अपचारी के साथ मिलकर उसके सीने एवं चेहरे की ठोड़ी पर करीब 15 से 20 गंभीर वार किए। गंभीर चोटों एवं अत्यधिक रक्तस्राव के कारण राकेश की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद दोनों आरोपियों ने हत्या को सड़क दुर्घटना का रूप देने के इरादे से शव को घटनास्थल पर ही छोड़ दिया और पैदल अपने घर पहुंचकर सो गए। पुलिस ने मुख्य आरोपी अजय कुमार रेगर (20) पुत्र सोहन लाल रेगर निवासी टांकावास को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक बाल अपचारी को निरुद्ध किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है। वहीं बाल अपचारी को बाल न्यायालय अजमेर में पेश करने के बाद बाल सम्प्रेषण गृह भेज दिया गया। मामले में मुख्य आरोपी से पुलिस की अग्रिम अनुसंधान कार्रवाई जारी है। कार्रवाई में सावर थानाधिकारी बनवारी लाल, एएसआई नारायण सिंह, हेड कांस्टेबल केदार सिंह, रंगलाल तथा कांस्टेबल शिवप्रकाश, महेन्द्र, राकेश एवं विनोद की सराहनीय भूमिका रही।
संबंधित समाचार पढ़िए…












