Monday, November 23, 2026
Home धर्म एवं संस्कृति दशहरा महोत्सव: धूं-धूं कर जले रावण, कुम्भकर्ण व मेघनाद के पुतले, आतिशबाजी...

दशहरा महोत्सव: धूं-धूं कर जले रावण, कुम्भकर्ण व मेघनाद के पुतले, आतिशबाजी से जगमगाया पटेल मैदान

केकड़ी: पटेल मैदान पर धूं-धूं कर जलता रावण का पुतला।

केकड़ी, 20 अक्टूबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): बुराई पर अच्छाई की विजय के प्रतीक विजयादशमी पर्व पर मंगलवार को केकड़ी के पटेल मैदान में रावण, कुम्भकर्ण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया गया। नगर पालिका केकड़ी की ओर से आयोजित दशहरा महोत्सव में बड़ी संख्या में शहरवासी शामिल हुए। भगवान राम के जयकारों, भव्य आतिशबाजी और पुतला दहन के साथ पूरा वातावरण उत्सवमय हो गया। रावण दहन होते ही पटेल मैदान जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा और लोगों ने असत्य पर सत्य की विजय का उत्सव मनाया।

केकड़ी: दहन से पहले पटेल मैदान में खड़े रावण, कुम्भकर्ण एवं मेघनाद के पुतले।

उत्साह से निकाली शोभायात्रा: कार्यक्रम के तहत रावण दहन से पूर्व भगवान राम की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। विजयवर्गीय समाज के तत्वावधान में आयोजित शोभायात्रा पुरानी केकड़ी स्थित कुंज मंदिर से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई पटेल मैदान पहुंची। शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह दिखाई दिया। भगवान राम के आगमन के साथ ही मैदान में दशहरा महोत्सव की रौनक और बढ़ गई।

रामायण के प्रसंगों का किया सजीव मंचन: पटेल मैदान में स्थानीय कलाकारों ने रामायण के विभिन्न प्रसंगों का सजीव मंचन कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कलाकारों ने मारीच वध, सीता हरण, जटायु वध, लंका दहन, लक्ष्मण मूर्छा और राम-रावण युद्ध के दृश्यों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। मंचन के दौरान दर्शक भगवान राम की लीला में भावविभोर नजर आए। राम-रावण युद्ध के दृश्य ने विशेष आकर्षण पैदा किया।

केकड़ी: लक्ष्मण मूर्च्छा संवाद का जीवंत मंचन करते कलाकार।

आतिशबाजी ने बांधा समां: इसके बाद भगवान राम ने अग्निबाण चलाकर रावण का वध किया। अग्निबाण लगते ही रावण, कुम्भकर्ण और मेघनाद के विशाल पुतले धूं-धूं कर जल उठे। पुतलों के दहन के साथ ही मैदान में उपस्थित लोगों ने जय श्रीराम के जयकारे लगाए। इस दौरान बूंदी से आए शोरगरों की टीम ने आकर्षक आतिशबाजी का प्रदर्शन किया। आसमान रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठा और आतिशबाजी ने दशहरा महोत्सव के उत्साह को और बढ़ा दिया।

भगवान रघुनाथ की आरती की: रावण दहन के बाद नगर पालिका अध्यक्ष अनिल मित्तल एवं पालिका उपाध्यक्ष राजेन्द्र चौधरी ने विभीषण का राजतिलक किया। इसके पश्चात भगवान रघुनाथ की आरती की गई। आयोजन के दौरान जनप्रतिनिधियों, अतिथियों और शहरवासियों की सहभागिता रही। अधिशासी अधिकारी कानाराम मीणा के नेतृत्व में नगर पालिका के कर्मचारियों ने आयोजन से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं को संभाला।

केकड़ी: रावण दहन के बाद विभीषण का राजतिलक करते नगर पालिका अध्यक्ष अनिल मित्तल एवं पालिका उपाध्यक्ष राजेन्द्र चौधरी।

ये रहे मौजूद: कार्यक्रम में पार्षद पुनीत गर्ग, हनुमान बाथरा, आशाराम वैष्णव, इंदिरा मित्तल, प्रतिभा जैन, अभिलाषा विजय, पूजा व्यास, मुकेश शर्मा, दिलखुश चौधरी, धन्नालाल डसाणियां, पीयूष धोबी, ललित सिंधी, हेमराज माली, भंवर बज, राजकुमार शर्मा, शिव प्रताप, सदाम देवी, पूजा जगरवाल सहित पार्षदगण, जनप्रतिनिधि और अन्य अतिथि मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से व्यापक बंदोबस्त किए गए।