केकड़ी, 21 अक्टूबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): राजकीय महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर का बुधवार को सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ समापन हुआ। समारोह की अध्यक्षता प्राचार्य प्रो. के. एल. मीणा ने की। उन्होंने स्वयंसेवकों के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए सेवा और स्वच्छता का महत्व बताया तथा ‘सिकंदर महान‘ का प्रेरक प्रसंग सुनाया। मुख्य अतिथि यस बैंक के मैनेजर विट्ठल छीपा ने साइबर फ्रॉड और ‘डिजिटल अरेस्ट‘ जैसी धोखाधड़ी से बचाव के उपाय बताए। साथ ही युवाओं को बैंकिंग की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां: समापन समारोह में छात्रा गंगा, लता, अंतिमा, प्रिया, रितु व छात्र दशरथ ने राजस्थानी लोकगीतों एवं फिल्मी गानों पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर समां बांधा। वहीं कोमल, हिमांशु, शानू और राधेश्याम ने शिविर के अनुभव साझा किए। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. आनंद पाराशर ने सात दिवसीय शिविर का प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए गोद लिए गए नायकी गांव और महाविद्यालय परिसर में आयोजित गतिविधियों की जानकारी दी।

मानवता के मार्ग पर चलने का दिया संदेश: पूर्व कार्यक्रम प्रभारी डॉ. ज्योति मीणा ने स्वयंसेवकों को मानवता और सेवा के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। मंच संचालन छात्रा स्नेहल वैष्णव ने किया। इस अवसर पर यस बैंक से कमल पांचाल व इरशाद मोहम्मद तथा महाविद्यालय परिवार से डॉ. रजनी, असिस्टेंट प्रोफेसर माया पारीक, प्रवीण वर्मा, मनोज कुमार ढाका और मंत्रालयिक कर्मचारी हर्षित सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित रहे।













