केकड़ी, 12 नवंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण संख्या-2 केकड़ी के पीठासीन अधिकारी प्रवीण कुमार वर्मा ने करीब आठ साल पुराने सड़क दुर्घटना के मामले में मृतक कैलाशचंद पारीक के परिजनों को 48 लाख 86 हजार 785 रुपए का प्रतिकर अवार्ड पारित किया है। आठ साल बाद आए इस फैसले से मृतक की पत्नी एवं बच्चों को बड़ी राहत मिली है। अधिकरण ने वाहन चालक, पंजीकृत वाहन स्वामी एवं बीमा कम्पनी को संयुक्त एवं पृथक रूप से प्रतिकर राशि अदा करने के लिए उत्तरदायी माना है। बीमा कम्पनी को निर्णय की तिथि से दो माह के भीतर भुगतान करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रकरण के अनुसार 18 फरवरी 2018 को कैलाशचंद पारीक मोटरसाइकिल से खवास से केकड़ी आ रहे थे। छोटा शाहपुरा के निकट पीछे से आई मारुति वैन ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे गंभीर चोटें आने के कारण उनकी मृत्यु हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों को माना विश्वसनीय: मामले में बीमा कम्पनी ने दुर्घटना में वैन की संलिप्तता, प्राथमिकी में देरी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु के समय के अंतर सहित कई आपत्तियां उठाते हुए दावा खारिज करने की मांग की थी। वहीं दावेदार पक्ष की ओर से अधिवक्ता मनोज आहूजा एवं भैरूसिंह राठौड़ ने प्रत्यक्षदर्शियों नाथूलाल एवं महेंद्र के बयानों, मौका नक्शा, यांत्रिक निरीक्षण रिपोर्ट और पुलिस अनुसंधान के तथ्यों के आधार पर वैन चालक की लापरवाही साबित की। अधिकरण ने मौखिक एवं दस्तावेजी साक्ष्यों का विश्लेषण करते हुए प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों को विश्वसनीय माना तथा बीमा कम्पनी की आपत्तियों को स्वीकार नहीं किया। मृतक की आय, भविष्य की संभावनाओं, आश्रित परिवार को हुई आर्थिक क्षति एवं अन्य निर्धारित मदों के आधार पर कुल 48,86,785 रुपए का प्रतिकर अवार्ड पारित किया।













