
केकड़ी, 12 नवंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता दिनांक 1 जनवरी 2027 के संदर्भ में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसएसआर-2027) के तहत गुरुवार को विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र केकड़ी (105) की फोटोयुक्त मतदाता सूचियों का प्रारूप प्रकाशन किया गया। इस संबंध में निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित कर उन्हें प्रारूप मतदाता सूची की प्रतियां उपलब्ध करवाई गईं। बैठक में निर्वाचक पंजीयन एवं उपखण्ड अधिकारी सुरेश कुमार बलाई, भाजपा के शहर मंडल अध्यक्ष रितेश जैन व उपाध्यक्ष अर्जुन सिंह तथा कांग्रेस के प्रतिनिधि भावेश जैन उपस्थित रहे।

नाम जोड़ने, हटाने की प्रक्रिया से कराया अवगत: एसडीएम सुरेश कुमार बलाई ने प्रतिनिधियों को मतदाता सूची के प्रारूप प्रकाशन की जानकारी देते हुए नाम जोड़ने, हटाने एवं संशोधन की प्रक्रिया से अवगत कराया। उन्होंने पात्र युवाओं से मतदाता सूची में पंजीकरण करवाने की अपील की है। उन्होंने बताया कि प्रारूप मतदाता सूची मुख्य निर्वाचन अधिकारी राजस्थान की वेबसाइट पर भी उपलब्ध रहेगी। मतदाता अपने नाम एवं विवरण की जांच कर निर्धारित अवधि में आवश्यक संशोधन के लिए आवेदन कर सकेंगे।

केकड़ी विधानसभा क्षेत्र में कुल 2,55,271 मतदाता: प्रारूप मतदाता सूची के अनुसार केकड़ी विधानसभा क्षेत्र में कुल 2,55,271 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 1,31,039 पुरुष, 1,24,231 महिलाएं तथा एक ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। क्षेत्र का लिंगानुपात 948 दर्ज किया गया है। आयु वर्ग के अनुसार 18 से 19 वर्ष के 2,720, 20 से 29 वर्ष के 57,942, 30 से 39 वर्ष के 60,880, 40 से 49 वर्ष के 46,442, 50 से 59 वर्ष के 34,835, 60 से 69 वर्ष के 30,901, 70 से 79 वर्ष के 15,370 तथा 80 से अधिक वर्ष के 6,181 मतदाता शामिल हैं।

11 दिसंबर तक दर्ज करवा सकेंगे दावे-आपत्तियां: निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, हटवाने अथवा किसी प्रकार का संशोधन करवाने के लिए 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत की जा सकेंगी। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन होगा।











