Monday, November 23, 2026
Home समाज चातुर्मास निष्ठापन पर निकली मंगल कलश शोभायात्रा: पुण्यार्जक परिवारों के आवास पर...

चातुर्मास निष्ठापन पर निकली मंगल कलश शोभायात्रा: पुण्यार्जक परिवारों के आवास पर फहराई मंगल ध्वजा

केकड़ी: आर्यिका सुरम्यमति माताजी के चातुर्मास निष्ठापन अवसर पर मौजूद समाज के श्रेष्ठीजन।

केकड़ी, 11 नवम्बर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): आचार्य सुंदर सागर महाराज की सुशिष्या आर्यिका सुरम्यमति माताजी ने कहा कि मानव असीम शक्तियों से परिपूर्ण है, लेकिन अज्ञानतावश वह अपने जीवन का सही सदुपयोग नहीं कर पाता। आत्मा अनमोल है, लेकिन मनुष्य उसके वास्तविक स्वरूप से अनजान रहता है। यदि व्यक्ति आत्मा के स्वरूप का ज्ञान प्राप्त कर उसके प्रति सच्ची निष्ठा, श्रद्धा और आस्था रखे तो धर्म के माध्यम से अपनी आत्मशक्ति को जागृत कर सकता है। वे बोहरा कॉलोनी स्थित नेमीनाथ मंदिर में चातुर्मास निष्ठापन के अवसर पर प्रवचन कर रही थी। उन्होंने कहा कि चातुर्मास का समय ऐसा अवसर होता है, जिसमें श्रावक और साधु के बीच आध्यात्मिक सामंजस्य स्थापित होता है। इस दौरान धर्मचर्चा और ज्ञानरूपी गंगा का निरंतर प्रवाह बना रहता है। चातुर्मास के दौरान धर्म के प्रति जो श्रद्धा और भावनाएं विकसित होती हैं, उन्हें जीवनभर बनाए रखना चाहिए। इससे पूर्व प्रातः आर्यिका ससंघ के सानिध्य में जिनाभिषेक, शांतिधारा, जिनेन्द्र अर्चना सहित दैनिक धार्मिक क्रियाएं संपन्न हुईं।

कलश पुण्यार्जक परिवारों के आवास पर फहराई मंगल ध्वजा: मीडिया प्रभारी रमेश जैन एवं पारस जैन ने बताया कि आर्यिका सुरम्यमति माताजी सहित ससंघ के चातुर्मास निष्ठापन के बाद चातुर्मासिक कलश स्थापना के पुण्यार्जक परिवारों को धार्मिक विधि-विधान के साथ कलश वितरित किए गए। इसके बाद आर्यिका ससंघ श्री नेमिनाथ मंदिर से सकल दिगम्बर जैन समाज के श्रद्धालुओं के साथ बैंडबाजों और ढोल-नगाड़ों के साथ मंगल कलश लेकर पुण्यार्जक परिवारों के आवास पर पहुंचीं। वहां विधि-विधान एवं धार्मिक क्रियाओं के साथ कलश विराजमान कराए गए। साथ ही आर्यिका ससंघ के सानिध्य में पुण्यार्जक परिवारों के आवास पर चातुर्मास की मंगल ध्वजा भी फहराई गई। इस दौरान सकल दिगम्बर जैन समाज के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। दिलीप जैन के अनुसार सायंकाल आर्यिका ससंघ के सानिध्य में आरती, भक्ति संगीत, प्रश्नोत्तरी, जिज्ञासा समाधान एवं दैनिक आनंद यात्रा सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।