केकड़ी, 20 नवंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी पंचायत समिति चुनाव के परिणामों ने हार-जीत के साथ कई दिलचस्प राजनीतिक और सामाजिक तस्वीरें भी सामने रखी हैं। 15 वार्डों के इस चुनावी मुकाबले में कहीं प्रत्याशी ने 875 वोटों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की, तो कहीं महज एक वोट से किस्मत का फैसला हुआ। नवनिर्वाचित सदस्यों में 68 वर्षीय बुजुर्ग महिला से लेकर 25 वर्षीय युवा चेहरे तक शामिल हैं। वहीं सामाजिक समीकरणों में राजपूत समाज की सर्वाधिक भागीदारी रही, जबकि निर्वाचित सदस्यों में महिलाओं की संख्या पुरुषों से अधिक रही। कुल मतों के लिहाज से भी भाजपा और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। आइए जानते हैं पंचायत समिति चुनाव के प्रमुख रोचक रिकॉर्ड और सियासी समीकरण। सोनिया कुमारी की सबसे बड़ी जीत, हनुमान धाकड़ सबसे कम अंतर से जीते: चुनाव में सबसे बड़ी जीत वार्ड संख्या 4 से कांग्रेस प्रत्याशी सोनिया कुमारी बैरवा के नाम रही। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी रामप्यारी देवी बैरवा को 875 मतों के बड़े अंतर से पराजित किया। सोनिया कुमारी को 1954 और रामप्यारी को 1079 मत प्राप्त हुए। वहीं सबसे कम अंतर से जीत दर्ज करने वाले प्रत्याशी वार्ड संख्या 2 से भाजपा के हनुमान धाकड़ रहे। उन्होंने कांग्रेस की गलोल देवी को महज एक वोट से शिकस्त दी। हनुमान धाकड़ को 1584 और गलोल देवी को 1583 मत मिले। इस तरह एक वोट ने जीत और हार के बीच का अंतर तय कर दिया।

राजपूत समाज के सर्वाधिक तीन सदस्य निर्वाचित: पंचायत समिति चुनाव के परिणामों में सामाजिक समीकरण भी खासा चर्चा में रहा। इस बार राजपूत समाज के तीन सदस्य निर्वाचित हुए हैं, जो सभी समाजों में सर्वाधिक हैं। इसके अलावा बैरवा और कुमावत समाज से दो-दो सदस्य पंचायत समिति पहुंचे हैं। वहीं धाकड़, हरिजन, जाट, कीर, मीणा, रेगर, गुर्जर और माली समाज से एक-एक सदस्य निर्वाचित हुए हैं। इस प्रकार निर्वाचित 15 सदस्यों में छह पुरुष और नौ महिलाएं शामिल हैं। आंकड़ों के लिहाज से पंचायत समिति में महिलाओं का प्रतिनिधित्व पुरुषों से अधिक रहेगा। रामकन्या सबसे उम्रदराज, मनीष कुमार सबसे युवा: नवनिर्वाचित सदस्यों की उम्र के लिहाज से भी चुनाव परिणाम दिलचस्प रहे। वार्ड संख्या 11 से कांग्रेस के टिकट पर निर्वाचित 68 वर्षीय रामकन्या कुमावत पंचायत समिति की सबसे उम्रदराज सदस्य हैं। वहीं वार्ड संख्या 12 से कांग्रेस के टिकट पर विजयी 25 वर्षीय मनीष कुमार रेगर सबसे कम उम्र के सदस्य हैं। इस तरह नई पंचायत समिति में अनुभव और युवा जोश का संगम देखने को मिलेगा।

भाजपा-कांग्रेस के बीच महज 49 वोटों का अंतर: केकड़ी पंचायत समिति के 15 में से 14 वार्डों के लिए 22 अक्टूबर को मतदान हुआ था। कुल 73,506 मतदाताओं में से 44,575 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। दलवार मतों के उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार भाजपा को 20,097 और कांग्रेस को 20,048 वोट मिले। इस तरह सीटों के लिहाज से भाजपा ने कांग्रेस पर बढ़त बनाई, लेकिन कुल मतों के मामले में दोनों दलों के बीच महज 49 वोटों का अंतर रहा। निर्दलीय प्रत्याशियों को 434 और आरएलपी को 3606 मत मिले, जबकि नोटा के पक्ष में 402 मत पड़े। निर्दलीय प्रत्याशी को मिले महज 6 वोट: चुनाव में जहां भाजपा और कांग्रेस के बीच मुख्य मुकाबला देखने को मिला, वहीं कुछ निर्दलीय प्रत्याशी भी खास प्रदर्शन नहीं कर सके। वार्ड संख्या 13 में निर्दलीय प्रत्याशी मोहन गुर्जर को महज छह वोट मिले, जबकि वार्ड संख्या 8 में निर्दलीय विजय कुमार नायक को 112 मत प्राप्त हुए। कुल मिलाकर पंचायत समिति चुनाव के नतीजों ने जीत-हार के अंतर, सामाजिक प्रतिनिधित्व, उम्र और दलों के मत प्रतिशत के लिहाज से कई रोचक आंकड़े सामने रखे हैं।












