Sunday, November 22, 2026
Home राजनीति मतदाता सूचियों के विशेष पुनरीक्षण पर मंथन, 12 नवंबर को प्रारूप तो...

मतदाता सूचियों के विशेष पुनरीक्षण पर मंथन, 12 नवंबर को प्रारूप तो 4 जनवरी को होगा अंतिम प्रकाशन

केकड़ी: बैठक में मौजूद एसडीएम एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि।

केकड़ी, 03 नवम्बर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के संदर्भ में फोटोयुक्त मतदाता सूचियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर मंगलवार को निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र केकड़ी (105) में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को पुनरीक्षण कार्यक्रम एवं मतदाता सूचियों के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई। बैठक में निर्वाचक पंजीयन एवं उपखण्ड अधिकारी सुरेश कुमार बलाई ने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 12 नवंबर 2026 को एकीकृत मतदाता सूचियों का प्रारूप प्रकाशित किया जाएगा। प्रारूप प्रकाशन के बाद 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत की जा सकेंगी। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का 28 दिसंबर 2026 तक निस्तारण किया जाएगा। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। बैठक के अंत में उपस्थित प्रतिनिधियों को विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की प्रति उपलब्ध कराई गई।

बीएलए नियुक्त करने के निर्देश: बलाई ने बताया कि वर्तमान में राज्य में जारी पंचायत चुनावों को देखते हुए विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत मतदान केंद्रों के पुनर्गठन एवं सुव्यवस्थीकरण संबंधी गतिविधियों में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा शिथिलता प्रदान की गई है। बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से उन मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल एजेंट (BLA) नियुक्त करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया, जहां संबंधित दलों द्वारा अभी तक बीएलए नियुक्त नहीं किए गए हैं। साथ ही 17 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के मतदाताओं के अग्रिम पंजीकरण तथा 18-19 आयु वर्ग के पंजीकरण से वंचित मतदाताओं के शत-प्रतिशत नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के लिए भी सहयोग करने को कहा गया। इस मौके पर आरएलपी के ब्लॉक अध्यक्ष दिलखुश जाट, कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष श्यामलाल बैरवा तथा भाजपा के शहर मंडल अध्यक्ष रितेश जैन व उपाध्यक्ष अर्जुन सिंह शक्तावत मौजूद रहे।