केकड़ी, 18 नवंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): नगर पालिका की साधारण सभा गुरुवार 19 नवंबर को अपराह्न 3 बजे पालिका अध्यक्ष अनिल मित्तल की अध्यक्षता में आयोजित होगी। वर्तमान बोर्ड के गठन के बाद होने वाली पहली साधारण सभा को लेकर शहरवासियों और राजनीतिक हलकों की निगाहें टिकी हुई हैं। अधिशासी अधिकारी कानाराम मीणा ने बताया कि एजेंडे के अनुसार बैठक में नवनिर्वाचित पार्षदों का परिचय एवं प्रशासक कार्यकाल में हुए कार्यों की समीक्षा की जाएगी। वर्तमान बोर्ड की यह पहली बैठक होने के कारण इसे महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि बैठक का एजेंडा सीमित है, लेकिन शहरवासियों की नजर इस बात पर रहेगी कि बैठक में प्रशासक कार्यकाल के दौरान हुए कार्यों की समीक्षा के दौरान किन मुद्दों पर चर्चा होती है और पार्षद अपनी क्या राय रखते हैं।













