Sunday, November 22, 2026
Home राजनीति प्रधान पद की कुर्सी पर किसकी होगी ताजपोशी? केकड़ी पंचायत समिति में...

प्रधान पद की कुर्सी पर किसकी होगी ताजपोशी? केकड़ी पंचायत समिति में दावेदारों ने तेज की कवायद, 27 नवंबर को होगा फैसला

प्रतीकात्मक फोटो

केकड़ी, 21 नवंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी पंचायत समिति चुनाव के परिणाम सामने आने के बाद अब प्रधान और उप प्रधान के चुनाव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। पंचायत समिति के प्रधान का चुनाव 27 नवंबर तथा उप प्रधान का चुनाव 28 नवंबर को होगा। चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के साथ ही प्रधान पद को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। 15 वार्डों वाली पंचायत समिति में भाजपा ने 8 सीटों पर जीत दर्ज कर स्पष्ट बहुमत हासिल किया है, जबकि कांग्रेस के खाते में 7 सीटें आई हैं। भाजपा के पास स्पष्ट बहुमत होने से प्रधान पद पर पार्टी का दावा मजबूत है। हालांकि प्रधान पद के लिए भाजपा में प्रमुख रूप से चार दावेदारों के नाम चर्चा में हैं। चारों दावेदार पार्टी के भीतर अपने समर्थन का गणित साधने में जुटे हैं। ऐसे में अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि पार्टी किसके नाम पर मुहर लगाती है।

सुबह 10 बजे शुरू होगी चुनाव प्रक्रिया: निर्वाचक पंजीयन एवं उपखंड अधिकारी सुरेश कुमार बलाई ने बताया कि प्रधान एवं उप प्रधान के चुनाव के लिए निर्धारित दोनों दिन सुबह 10 बजे बैठक शुरू होगी। सुबह 11 बजे तक नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत किए जा सकेंगे। इसके बाद सुबह 11.30 बजे से नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा होगी तथा अपराह्न 1 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। आवश्यक होने पर अपराह्न 3 से शाम 5 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान समाप्ति के तुरंत बाद मतगणना कर परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।