केकड़ी, 19 नवम्बर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी नगर पालिका के वर्तमान बोर्ड के गठन के बाद गुरुवार को पालिका अध्यक्ष अनिल मित्तल की अध्यक्षता में आयोजित पहली साधारण सभा की बैठक राजनीतिक खींचतान और हंगामे की भेंट चढ़ती नजर आई। प्रदेश में भाजपा की सरकार और केकड़ी में भाजपा विधायक होने तथा नगर पालिका में कांग्रेस का बोर्ड होने की राजनीतिक परिस्थितियों का असर बैठक में साफ नजर आया। सदन में कांग्रेस और भाजपा पार्षदों के बीच लगभग हर प्रमुख मुद्दे पर आमने-सामने की स्थिति बनी रही। कांग्रेस पार्षदों की आपत्तियों पर भाजपा पार्षदों ने सवाल खड़े किए तो भाजपा की मांगों और मुद्दों पर कांग्रेस पार्षदों ने विरोध जताया। देखते ही देखते चर्चा ने तीखी बहस और आरोप-प्रत्यारोप का रूप ले लिया। स्थिति यहां तक पहुंच गई कि दोनों दलों के पार्षद आसन के सामने आ गए और सदन में पर्चे लहराने लगे। बैठक की शुरुआत में अधिशासी अधिकारी कानाराम मीणा ने सभी नवनिर्वाचित पार्षदों का स्वागत किया। इसके बाद पार्षदों ने अपना परिचय दिया।

शुरुआत से ही दिखे सियासी तेवर, हर मुद्दे पर आमने-सामने रहे पार्षद: एजेंडे में शामिल प्रमुख बिंदुओं पर चर्चा के दौरान कांग्रेस पार्षदों ने प्रशासक कार्यकाल में हुए कार्यों और निर्णयों की समीक्षा करवाने की मांग उठाई। इसके जवाब में भाजपा पार्षदों ने भी पूर्ववर्ती कांग्रेस बोर्ड के कार्यकाल में हुए कार्यों की समीक्षा करवाने की मांग रख दी। इस तरह बैठक की शुरुआत से ही दोनों पक्षों के बीच राजनीतिक खींचतान के संकेत मिलने लगे। पालिका अध्यक्ष अनिल मित्तल ने शहर के विकास को प्राथमिकता बताते हुए सभी पार्षदों से अपने-अपने वार्डों के विकास कार्यों और शहर हित से जुड़ी आवश्यकताओं पर सुझाव देने की बात कही। इस पर पार्षदों ने वार्डों की समस्याएं एवं विकास संबंधी मांगें लिखित में प्रस्तुत करने की बात कही। इसके बाद शहर की प्रमुख समस्याओं और व्यवस्थाओं पर चर्चा शुरू हुई।

विकास के मुद्दों पर भी भिड़े भाजपा-कांग्रेस पार्षद: भाजपा पार्षदों ने शहर की सफाई व्यवस्था में सुधार, सार्वजनिक लाइटों की व्यवस्था तथा ट्रेचिंग ग्राउंड के बाहर कचरा डाले जाने का मुद्दा उठाया। वहीं कांग्रेस पार्षदों ने नगर पालिका क्षेत्र में संचालित फ्री वाई-फाई सुविधा पर होने वाले खर्च का ब्यौरा सार्वजनिक करने की मांग की। उन्होंने इस सुविधा को अनुपयोगी बताते हुए इसे बंद करने की बात भी कही। इसके साथ ही नगर पालिका के विकास कार्य सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के माध्यम से करवाने पर भी आपत्ति जताई। कांग्रेस पार्षदों की ओर से उठाई गई आपत्तियों के बाद भाजपा पार्षदों ने इन पर सवाल खड़े करते हुए प्रशासक कार्यकाल में लिए गए निर्णयों का बचाव शुरू कर दिया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई और आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया। हंगामा बढ़ने पर भाजपा और कांग्रेस के कई पार्षद आसन के सामने पहुंच गए। दोनों ओर से पर्चे लहराए गए और सदन में काफी देर तक गतिरोध की स्थिति बनी रही।

भुगतान रोकने की बात पर पालिका अध्यक्ष व ईओ में दिखा गतिरोध: बैठक के समापन से पहले पालिका अध्यक्ष अनिल मित्तल ने पीडब्ल्यूडी को कार्यकारी एजेंसी बनाने के निर्णय तथा फ्री वाई-फाई की उपयोगिता की समीक्षा करवाकर आगामी बैठक में रिपोर्ट प्रस्तुत करने तक भुगतान पर रोक लगाने की बात कही। इस पर अधिशासी अधिकारी कानाराम मीणा ने स्पष्ट किया कि प्रशासक को भी बोर्ड की शक्तियां प्राप्त होती हैं और उनके कार्यकाल में लिए गए निर्णयों को रोकने का अधिकार अधिशासी अधिकारी के पास नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि बोर्ड इस संबंध में चर्चा कर कोई निर्णय करता है तो उसकी पालना के लिए राज्य सरकार से अनुमति लेना आवश्यक होगा। अधिशासी अधिकारी के इस स्पष्टीकरण के बाद एक बार फिर सदन में गतिरोध की स्थिति बन गई। इसके बाद भाजपा पार्षद सदन से बाहर चले गए।

विधायक जनसुनवाई केंद्र और अधिशासी अधिकारी आवास पर लगे तालों का मुद्दा भी गूंजा: बैठक में पालिका उपाध्यक्ष राजेन्द्र चौधरी ने विधायक जनसुनवाई केंद्र और अधिशासी अधिकारी के आवास पर लगे तालों का मुद्दा उठाया। उन्होंने सवाल किया कि आखिर किस आदेश के तहत इन स्थानों पर ताले लगाए गए हैं। उन्होंने इन स्थानों पर ताले लगाए जाने के आदेश और उसके आधार के बारे में स्पष्टीकरण मांगते हुए स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। बैठक में कांग्रेस पार्षद पुनीत गर्ग, भंवरलाल जैन, हनुमान बाथरा, इंदिरा जैन, प्रतिभा जैन, पूजा व्यास, सलमा बेगम तथा भाजपा पार्षद विनीत जैन, केदार शर्मा, रितेश जैन, सीमा शर्मा सहित अन्य पार्षदों ने चर्चा में भाग लिया। बैठक में कुल 40 में से 39 पार्षद उपस्थित रहे।












