केकड़ी, 19 नवंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी पंचायत समिति के चुनावी नतीजों की घड़ी नजदीक आ गई है। शुक्रवार 20 नवंबर को अजमेर के पोलिटेक्निक कॉलेज में होने वाली मतगणना के साथ ही पंचायत समिति के 14 वार्डों में चुनाव लड़ रहे 38 प्रत्याशियों की राजनीतिक किस्मत का फैसला हो जाएगा। मतगणना के नतीजों से यह भी स्पष्ट हो जाएगा कि 15 सदस्यीय केकड़ी पंचायत समिति में प्रधान पद पर किस राजनीतिक दल का कब्जा होगा। मतगणना को लेकर प्रशासन एवं पुलिस ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। निर्वाचक पंजीयन एवं उपखण्ड अधिकारी सुरेश कुमार बलाई ने बताया कि केकड़ी पंचायत समिति क्षेत्र के कुल 83 बूथों की मतगणना 14 राउंड में पूरी होगी। इसके लिए 7 मतगणना टेबल लगाई गई हैं। अनुमान है कि करीब तीन घंटे में पंचायत समिति के सभी 14 वार्डों सहित जिला परिषद के विभिन्न वार्डों के परिणाम सामने आ जाएंगे। मतदान के बाद ईवीएम मशीनों को अजमेर के पोलिटेक्निक कॉलेज स्थित स्ट्रांग रूम में कड़ी सुरक्षा के बीच रखा गया है।

60.64 प्रतिशत मतदाताओं ने किया था मतदान: केकड़ी पंचायत समिति के 15 में से 14 वार्डों के लिए 22 अक्टूबर को मतदान हुआ था। कुल 73,506 मतदाताओं में से 44,575 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। इस तरह कुल मतदान प्रतिशत 60.64 रहा था। वार्ड संख्या 3 से भाजपा प्रत्याशी प्रकाश कंवर निर्विरोध निर्वाचित होने के कारण शेष 14 वार्डों में मतदान कराया गया था। चुनाव मैदान में भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशियों के अलावा आरएलपी के 7 तथा 3 निर्दलीय प्रत्याशी भी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। राजनीतिक दृष्टि से सबसे अहम सवाल पंचायत समिति में बहुमत के आंकड़े को लेकर है। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही अपना प्रधान बनने का दावा कर रहे हैं। राजनीतिक जानकारों के अनुसार कई वार्डों में मुकाबला कांटे का रहा है। ऐसे में शुरुआती रुझानों से लेकर अंतिम परिणाम तक दोनों प्रमुख दलों के नेताओं और समर्थकों की निगाहें मतगणना केंद्र पर टिकी रहेंगी।

पिछली बार भाजपा ने जमाया था कब्जा: केकड़ी पंचायत समिति के राजनीतिक इतिहास पर नजर डालें तो वर्ष 2020 में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार होने के बावजूद भाजपा के होनहार सिंह राठौड़ प्रधान निर्वाचित हुए थे। सामान्य तौर पर प्रदेश में सत्तारूढ़ दल का प्रधान बनने का रुझान रहा है, लेकिन पिछले चुनाव का परिणाम इस धारणा से अलग रहा था। ऐसे में इस बार के चुनाव परिणाम पर भी राजनीतिक हलकों की विशेष नजर है। शुक्रवार को होने वाली मतगणना के बाद न केवल प्रत्याशियों की हार-जीत तय होगी, बल्कि केकड़ी पंचायत समिति की आगामी राजनीतिक दिशा भी स्पष्ट हो जाएगी। अब सभी की निगाहें ईवीएम से निकलने वाले जनादेश पर टिकी हैं।

वार्ड 1 से 8 में इन प्रत्याशियों के बीच हुआ मुकाबला: निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार वार्ड संख्या 1 में कांग्रेस के लोकेश सैन और भाजपा की यामिनी चौहान तथा वार्ड संख्या 2 में कांग्रेस की गलोल देवी गुर्जर और भाजपा के हनुमान धाकड़ के बीच मुकाबला हुआ है। वार्ड संख्या 3 में भाजपा की प्रकाश कंवर निर्विरोध निर्वाचित घोषित हो चुकी हैं। वार्ड संख्या 4 में भाजपा की रामप्यारी बैरवा और कांग्रेस की सोनिया कुमारी बैरवा, वार्ड संख्या 5 में भाजपा के मदनलाल और कांग्रेस के नोरत, वार्ड संख्या 6 में भाजपा की जोना जाट और कांग्रेस की समोक देवी गुर्जर, वार्ड संख्या 7 में भाजपा की गुमानी देवी गुर्जर, कांग्रेस की शांति और आरएलपी की मनसुखी गुर्जर तथा वार्ड संख्या 8 में भाजपा के गजराज कीर, कांग्रेस की सोनू देवी, आरएलपी के मनराज कीर और निर्दलीय विजय कुमार नायक के बीच मुकाबला हुआ है।

वार्ड 9 से 15 में इन प्रत्याशियों के बीच हुआ मुकाबला: वार्ड संख्या 9 में भाजपा की सुगना देवी और कांग्रेस की रेणु बैरवा, वार्ड संख्या 10 में भाजपा के गोपाल मीणा, कांग्रेस के सीताराम मीणा और आरएलपी के कैलाश भील, वार्ड संख्या 11 में भाजपा की किरण कुमावत, कांग्रेस की रामकन्या और आरएलपी की सोनिया कुमावत, वार्ड संख्या 12 में भाजपा के हंसराज मेघवंशी, कांग्रेस के मनीष कुमार रेगर और आरएलपी के बनवारी बैरवा, वार्ड संख्या 13 में भाजपा के इन्द्र नारायण गुर्जर, कांग्रेस की गीता देवी गुर्जर, आरएलपी के अभिषेक शर्मा तथा निर्दलीय हरिराम बैरवा और मोहन, वार्ड संख्या 14 में भाजपा की प्रियदर्शिनी और कांग्रेस की शिमला तथा वार्ड संख्या 15 में भाजपा की रैना सैनी, कांग्रेस की पूजा और आरएलपी की मुस्कान के बीच मुकाबला हुआ है।













