Wednesday, November 25, 2026
Home सामाजिक सराहनीय पहल: 42 दिव्यांग महिलाओं ने बढ़ाए आत्मनिर्भरता की ओर कदम, भगवान...

सराहनीय पहल: 42 दिव्यांग महिलाओं ने बढ़ाए आत्मनिर्भरता की ओर कदम, भगवान महावीर विकलांग सेवा समिति ने उपलब्ध कराए स्वरोजगार के उपकरण

केकड़ी: दिव्यांग महिलाओं को स्वरोजगार उपकरण भेंट करते अतिथि।

केकड़ी, 18 जनवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): दिव्यांग महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त व स्वावलंबी बनाने की दिशा में श्री भगवान महावीर विकलांग सेवा समिति द्वारा एक सराहनीय पहल की गई है। समिति के माध्यम से केकड़ी व आसपास के क्षेत्रों की 42 दिव्यांग महिलाओं को जयपुर ले जाकर स्वरोजगार के लिए आवश्यक संसाधनों का निःशुल्क वितरण किया गया। संस्थापक डी.आर. मेहता के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में महिलाओं को उनकी दक्षता के अनुसार उपकरण दिए गए। समाजसेवी भगवान माहेश्वरी ने बताया कि वितरण में कुल 35 सिलाई मशीनें, 3 कढ़ाई मशीनें व 5 आटा चक्की शामिल रही। इन उपकरणों की मदद से महिलाएं अब अपने घर से ही स्वरोजगार शुरू कर सकेंगी।

इन क्षेत्रों की महिलाएं हुई लाभान्वित: इस पुनीत कार्य से केकड़ी, सरवाड़, जूनिया, पारा, देवनगर, बघेरा एवं कादेड़ा क्षेत्र की दिव्यांग महिलाएं लाभान्वित हुई हैं। कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि केकड़ी तहसीलदार बंटी राजपूत एवं सीनियर प्रोजेक्ट कंसल्टेंट मनीषा चौधरी ने महिलाओं का उत्साहवर्धन किया। आयोजन को सफल बनाने में लघु उद्योग भारती (इकाई केकड़ी) के अध्यक्ष महेश मंत्री, समाजसेवी दिनेश वैष्णव, दीपक विजय (विजय आयरन), आभा बेली, राधा माहेश्वरी सहित दिव्यांग संगठनों के पदाधिकारियों महावीर प्रसाद रेगर, ओमप्रकाश माली, उगमा रेगर व सुरेश जैतवाल का विशेष सहयोग रहा।