केकड़ी, 15 नवम्बर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): विश्व सड़क दुर्घटना पीड़ित स्मरण दिवस के अवसर पर रविवार शाम जिला परिवहन कार्यालय केकड़ी की ओर से अजमेर-कोटा रोड स्थित पीडब्ल्यूडी कार्यालय के पास श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान सड़क दुर्घटनाओं में असमय जान गंवाने वाले लोगों की स्मृति में कैंडल जलाकर एवं पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ओम शांति का स्मरण किया तथा सड़क सुरक्षा नियमों की पालना का संकल्प लिया।

सड़क सुरक्षा नियमों की बताई महत्ता: परिवहन निरीक्षक अनिल चौधरी के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में जिला परिवहन अधिकारी कार्यालय के कर्मचारियों, टैक्सी स्टैंड के वाहन चालकों एवं आम नागरिकों ने भाग लिया। इस अवसर पर अनिल चौधरी ने सड़क सुरक्षा नियमों की महत्ता बताते हुए कहा कि वाहन चलाते समय प्रत्येक व्यक्ति को अपनी सुरक्षा के साथ-साथ दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने हेलमेट एवं सीट बेल्ट का नियमित उपयोग करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, नशे में वाहन नहीं चलाने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने की अपील की।

सुरक्षित घर पहुंचना जरूरी: चौधरी ने कहा कि मंजिल पर देर से पहुंचना कोई हार नहीं है, लेकिन सुरक्षित घर नहीं पहुंच पाना जिंदगी की सबसे बड़ी हार है। किसी भी व्यक्ति का मंजिल तक पहुंचना जितना महत्वपूर्ण है, उससे कहीं अधिक जरूरी उसका सुरक्षित पहुंचना है। सड़क दुर्घटना केवल एक व्यक्ति की जान नहीं लेती, बल्कि पूरे परिवार की खुशियों और भविष्य को भी प्रभावित करती है। इसलिए जल्दबाजी एवं लापरवाही से बचते हुए यातायात नियमों को अपनी आदत बनाना चाहिए। हेलमेट और सीट बेल्ट चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और परिवार की सुरक्षा के लिए जरूरी हैं।

जागरूक करने का किया संकल्प: कार्यक्रम में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की दीदी मनभर ने भी सड़क सुरक्षा एवं मानवीय जीवन के महत्व पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए उपस्थित लोगों से ओम शांति का स्मरण करवाते हुए मौन धारण कराया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने स्वयं सड़क सुरक्षा नियमों की पालना करने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संदेश रहा कि सड़क सुरक्षा ही जीवन रक्षा है और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।












