केकड़ी, 22 नवम्बर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): लायंस क्लब केकड़ी की ओर से स्वर्गीय संतोष देवी जैन की पुण्य स्मृति में मंगलवार 01 दिसंबर को जयपुर रोड स्थित लायंस भवन पर निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर लगाया जाएगा। सुबह 10 से दोपहर 1 बजे तक आयोजित शिविर में शंकर आई हॉस्पिटल जयुपर तथा जिला अंधता निवारण समिति जयपुर का सहयोग रहेगा। क्लब अध्यक्ष दिनेश स्वरूप मेवाड़ा ने बताया कि शिविर में शंकरा आई हॉस्पिटल के विशेषज्ञ नेत्र चिकित्सक नेत्र रोगियों के आंखों की जांच करेंगे एवं आवश्यक परामर्श देंगे। भर्ती रोगियों को उसी दिन जयपुर ले जाया जाएगा, जहां 2 दिसंबर को उनके ऑपरेशन किए जाएंगे। मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चयनित मरीजों के केकड़ी से जयपुर आने-जाने, रहने, भोजन और दवाइयों की व्यवस्था भी निःशुल्क रहेगी।

फिजियोथेरेपी व वेलनेस सेवाएं भी होगी उपलब्ध: शिविर में आदित्य नवजीवन फिजियोथेरेपी सेंटर के डॉ. विष्णु शर्मा कमर, एड़ी, घुटने व गर्दन के दर्द तथा लकवा आदि का फिजियोथेरेपी से उपचार करेंगे। न्यू लाइफ वेलनेस सेंटर की वेलनेस कोच रोमिता पारीक वजन घटाने-बढ़ाने, खानपान संबंधी परामर्श, बीएमआई टेस्ट और मांसपेशियों की ताकत की जांच निःशुल्क करेंगी। शिविर का आयोजन महावीर प्रसाद, पारस मल, अशोक कुमार, महेंद्र कुमार, आशीष कुमार पूर्णिमा टाइल द्वारा किया जा रहा है। क्लब प्रशासक दिनेश चंद्र गर्ग, कोषाध्यक्ष आशाराम जांगिड़, शिविर संयोजक नाथूलाल न्याती, शिविर समन्वयक आशीष जैन, सचिव विकास माहेश्वरी सीए एवं विष्णु कुमार तेली ने क्षेत्रवासियों से शिविर का लाभ लेने की अपील की है। मरीज आधार कार्ड अथवा फोटो पहचान पत्र की छायाप्रति और एक फोटो साथ लेकर आएं।













