Monday, November 23, 2026
Home राजनीति अंतिम दिन घर—घर धोकी देहरी, भाजपा प्रत्याशी शत्रुघ्न गौतम ने शहरी मतदाताओं...

अंतिम दिन घर—घर धोकी देहरी, भाजपा प्रत्याशी शत्रुघ्न गौतम ने शहरी मतदाताओं से लगाई वोटों की गुहार

केकड़ी: जनसम्पर्क के दौरान भाजपा प्रत्याशी शत्रुघ्न गौतम को फलों से तौलते समर्थक।

केकड़ी, 24 नवंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी शत्रुघ्न गौतम ने मतदान से एक दिन पहले शुक्रवार को केकड़ी शहर का दौरा किया तथा भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की। जनसम्पर्क की शुरुआत गौतम ने देव दर्शन के साथ की। उन्होंने सबसे पहले जयपुर रोड स्थित पोकनाडी बालाजी मंदिर में दर्शन किए, इसके बाद वे घण्टाघर चौराहा स्थित निर्मलेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे। यहां दर्शन करने के बाद उन्होंने लक्ष्मीनाथ मंदिर व चन्द्रप्रभु जैन चैत्यालय में दर्शन किए। इसके बाद गौतम ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ शहर का दौरा किया।

शहरवासियों ने किया स्वागत जनसम्पर्क के दौरान लोगों ने शत्रुघ्न गौतम का माल्यार्पण एवं साफा बंधवाकर अभिनन्दन किया तथा कई जगह फल व गुड़ से तौला। इस दौरान भाजपा शहर मण्डल के कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। जनसम्पर्क प्रभारी अश्विनी शर्मा ने बताया कि शत्रुघ्न गौतम शनिवार को सुबह सपत्नीक देवगांव में मतदान करेंगे। इसके बाद वे विभिन्न मतदान केन्द्रों का दौरा कर कार्यकर्ताओं को अधिकाधिक मतदान के लिए प्रेरित करेंगे।