Monday, November 23, 2026
Home शासन प्रशासन खुशखबरी: लगातार हो रही बारिश के बाद बीसलपुर बांध के जलस्तर में...

खुशखबरी: लगातार हो रही बारिश के बाद बीसलपुर बांध के जलस्तर में हुई बढ़ोतरी

बीसलपुर बांध की फाइल फोटो

केकड़ी, 26 जुलाई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): अजमेर जिले समेत कई जिलों में पेयजल आपूर्ति करने वाले बीसलपुर बांध के जल ग्रहण क्षेत्र में पिछले 3 दिन से हो रही अच्छी बरसात के चलते बांध में पानी की आवक लगातार बनी हुई है। बांध के कैचमेंट एरिए में हो रही धीमी आवक के साथ ही बांध का जलस्तर 310 आरएल मीटर पार हो गया है। मंगलवार को दोपहर 12 बजे तक बांध का जलस्तर आर.एल. 310.04 मीटर हो चुका है। बांध के कैचमेंट एरिए से जुड़ी खारी एवं बनास नदी में फिलहाल पानी की आवक शुरू नहीं हुई है, जिसके चलते बांध में पानी की बंपर आवक नहीं हो रही। रविवार देर शाम बांध का जलस्तर 309.82 आरएल मीटर था, जो मंगलवार को दोपहर 12 बजे तक बढ़कर 310.04 आरएल मीटर पहुंच गया है। उक्त जलस्तर के अनुसार बांध में 10.914 टीएमसी पानी है।

बांध से पेयजल में खर्च होने वाला पानी भी प्रतिदिन आवक के साथ अपनी पूर्ति कर रहा है। सूत्रों के अनुसार बीसलपुर बांध के कैचमेंट एरिया भीलवाड़ा, चित्तौड़ एवं उदयपुर क्षेत्र में सोमवार को अच्छी बरसात होने के समाचार हैं। हालांकि कैचमेंट एरिया के डाई, खारी एवं बनास तीनों प्रमुख नदियों पर बने बांध रीते पड़े हैं। उन बांधों में भरने के बाद ही बांध में पानी की आवक की रफ्तार बढ़ेगी।