केकड़ी, 13 नवंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): सूचना का अधिकार (आरटीआई) अधिनियम के तहत मांगी गई जानकारी उपलब्ध नहीं कराने और राज्य सूचना आयोग के आदेश की अवहेलना करने पर आयोग ने केकड़ी नगर पालिका के तत्कालीन अधिशाषी अधिकारी (ईओ) पर 1000 रुपए का जुर्माना लगाया है। साथ ही परिवादी को भी 1000 रुपए मुआवजा देने के आदेश दिए हैं। पुरानी केकड़ी के माली मोहल्ला निवासी सत्यनारायण माली ने 15 सितंबर 2025 को नगर पालिका में आरटीआई आवेदन प्रस्तुत कर अजमेर-कोटा रोड पर चार्जिंग स्टेशन के लिए वर्ष 2022-23 में आवंटित भूमि तथा खसरा संख्या 1182, 1183, 1184 व 1185 में स्वीकृत गौरव नगर कॉलोनी की एनओसी एवं ले-आउट प्लान से संबंधित दस्तावेजों की जानकारी मांगी थी। सूचना नहीं मिलने पर परिवादी ने द्वितीय अपील की। इस पर आयोग ने 5 फरवरी 2026 को 30 दिन में प्रमाणित सूचना निःशुल्क उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, लेकिन पालिका प्रशासन ने आदेश की पालना नहीं की। इसके बाद 28 जुलाई को आयोग ने धारा 20 (1) के तहत नोटिस जारी कर जवाब मांगा, जिसका भी अधिकारियों ने कोई उत्तर नहीं दिया।

जिला कलेक्टर को आदेश की पालना कराने के निर्देश: राज्य सूचना आयुक्त महेंद्र कुमार पारख के समक्ष 28 अक्टूबर 2026 को हुई सुनवाई में भी नगर पालिका की ओर से प्रस्तुत दस्तावेजों में मांगी गई स्पष्ट जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई। आयोग ने तत्कालीन ईओ की कार्यप्रणाली को आरटीआई अधिनियम के प्रति असंवेदनशील, उदासीन और लापरवाह मानते हुए उनके वेतन से 1000 रुपए की कटौती कर आयोग कार्यालय में जमा कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जुर्माने की प्रविष्टि ईओ की सेवापुस्तिका में दर्ज करने को कहा है। इसके अलावा सूचना के लिए बार-बार आयोग के चक्कर लगाने से परिवादी को हुई आर्थिक हानि के मद्देनजर धारा 19 (8) (बी) के तहत 15 दिन में 1000 रुपए नकद अथवा चेक से मुआवजा देने का आदेश दिया है। आयोग ने अजमेर जिला कलेक्टर को आदेश की पालना सुनिश्चित करवाने के निर्देश भी दिए हैं।













