Sunday, November 22, 2026
Home शासन प्रशासन मतदाता सूची में नाम जुड़वाने व शुद्धिकरण के लिए सभी बूथों पर...

मतदाता सूची में नाम जुड़वाने व शुद्धिकरण के लिए सभी बूथों पर लगे विशेष शिविर, महिला व नवविवाहित मतदाताओं के पंजीकरण पर विशेष जोर

केकड़ी: राजकीय महाविद्यालय में शिविर को संबोधित करते एसडीएम सुरेश कुमार बलाई।

केकड़ी, 18 नवंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी राजस्थान के निर्देशानुसार विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम (SSR-2027) के तहत बुधवार को केकड़ी विधानसभा क्षेत्र (105) के सभी मतदान केंद्रों पर महिला एवं नवविवाहित महिला मतदाता पंजीकरण एवं मतदाता सूची शुद्धिकरण के लिए विशेष क्लस्टर शिविर आयोजित किए गए। अभियान का उद्देश्य कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से वंचित न रहे, यह सुनिश्चित करना रहा। निर्वाचक पंजीयन एवं उपखण्ड अधिकारी सुरेश कुमार बलाई के निर्देशन में आयोजित शिविरों में 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं, महिलाओं एवं नवविवाहित महिलाओं के नए पंजीकरण के लिए फॉर्म-6 भरवाए गए। वहीं मृत, स्थानांतरित एवं दोहरी प्रविष्टि वाले नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 तथा नाम, पता एवं अन्य विवरणों में संशोधन के लिए फॉर्म-8 के आवेदन प्राप्त किए गए।

30 विद्यार्थियों के फॉर्म भरवाए: शिविरों के तहत राजकीय महाविद्यालय केकड़ी में भी मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। निर्वाचन कार्यालय की टीम ने विद्यार्थियों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने एवं मतदाता पहचान पत्र बनवाने की प्रक्रिया की जानकारी दी। कार्यक्रम में एसडीएम सुरेश कुमार बलाई, तहसीलदार सत्यनारायण लौहार, स्वीप प्रभारी जयकांत शर्मा तथा टीम सदस्य सत्यनारायण शर्मा एवं जितेश माली ने विद्यार्थियों को पंजीकरण के प्रति जागरूक किया। इस दौरान 30 विद्यार्थियों के फॉर्म-6 भरवाए गए तथा अन्य विद्यार्थियों को भी आवेदन फॉर्म वितरित किए गए। इस मौके पर कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. रजनी, ईएलसी प्रभारी प्रवीण वर्मा, सहायक प्रभारी पुष्पेन्द्र यादव, ज्योति मीणा एवं समस्त संकाय सदस्य उपस्थित रहे।

केकड़ी: राजकीय महाविद्यालय में शिविर के दौरान आवेदन करती छात्राएं।

पात्र मतदाताओं को पंजीकरण के लिए किया प्रेरित: एसडीएम सुरेश कुमार बलाई ने विद्यार्थियों से अभियान में अधिकाधिक सहभागिता निभाने और पात्र मतदाताओं को पंजीकरण के लिए प्रेरित करने की अपील की। अभियान में 322 बीएलओ एवं 35 सुपरवाइजर के साथ महिला एवं बाल विकास विभाग की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा सहयोगिनियों, राजीविका स्वयं सहायता समूहों एवं ग्राम विकास अधिकारियों ने सहयोग किया। स्वीप टीम के सत्यनारायण शर्मा, जितेश, रमेश, सुमन, गोपाल धाकड़, आशुतोष एवं अनुज ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर पात्र महिलाओं को मतदाता पंजीकरण के लिए जागरूक किया।