Thursday, November 26, 2026
Home शासन प्रशासन दो दिन में ही बदले सिटी थानाधिकारी, राजेन्द्र कमाण्डो की जगह धोलाराम...

दो दिन में ही बदले सिटी थानाधिकारी, राजेन्द्र कमाण्डो की जगह धोलाराम ने संभाला पदभार

केकड़ी: धोलाराम, थानाधिकारी, शहर थाना पुलिस, केकड़ी

केकड़ी, 28 फरवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): शहर थाना केकड़ी के नवनियुक्त थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर धोलाराम ने कहा कि शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आमजन का सहयोग जरूरी है। आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास की भावना पैदा करना उनकी पहली प्राथमिकता है। वे केकड़ी शहर थानाधिकारी का पद ग्रहण करने के बाद पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि चोरी-नकबजनी जैसे अपराधों की रोकथाम तथा वांछित व पुराने अपराधियों की धरपकड़ करने के लिए संदिग्धों पर नजर रखी जाएगी। इसी के साथ आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण करने के लिए मुखबिर तंत्र को मजबूत बनाने का कार्य किया जाएगा।

कानून व्यवस्था की ली जानकारी उन्होंने कहा कि पीड़ित व्यक्ति की मदद के लिए पुलिस सदैव तैयार है। पीड़ित पक्षकार निसंकोच उनसे मिलकर अपनी बात रख सकता है। कार्यभार संभालने के बाद थानाधिकारी धोलाराम ने पुलिसकर्मियों से केकड़ी क्षेत्र की कानून व्यवस्था की जानकारी ली तथा थाना परिसर का अवलोकन किया। गौरतलब है कि एसआई धोलाराम ने सीआई राजेन्द्र सिंह कमाण्डो के स्थान पर थानाधिकारी का कार्यभार ग्रहण किया है। कमाण्डो ने दो दिन पहले 26 फरवरी को कार्यभार ग्रहण किया था, लेकिन निर्वाचन आयोग द्वारा जारी निर्देशों की अनुपालना में उसी दिन उनका स्थानांतरण टोडारायसिंह थानाधिकारी के पद पर कर दिया गया।