Tuesday, November 24, 2026
Home राजनीति विधायक शत्रुघ्न गौतम के प्रयासों से केकड़ी के विकास को मिलेगी नई...

विधायक शत्रुघ्न गौतम के प्रयासों से केकड़ी के विकास को मिलेगी नई रफ्तार, नसीराबाद तक बनेगी 48.419 किमी फोरलेन सड़क; 404.82 करोड़ की न्यूनतम बोली आई सामने

प्रतीकात्मक फोटो

केकड़ी, 24 नवम्बर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): विधायक शत्रुघ्न गौतम के प्रयासों से केकड़ी क्षेत्र की सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ा है। नसीराबाद-देवली सड़क परियोजना के दूसरे चरण के तहत केकड़ी से नसीराबाद तक 48.419 किलोमीटर लंबे सड़क मार्ग को फोरलेन में विकसित करने की प्रक्रिया ने गति पकड़ ली है। इस कार्य के लिए वित्तीय निविदा खोली गई, जिसमें एक फर्म की 404.82 करोड़ रुपए की न्यूनतम बोली सामने आई है। इस प्रगति से क्षेत्रवासियों को बेहतर सड़क सुविधा मिलने और आवागमन सुगम होने की उम्मीद बढ़ गई है।

सुविधाजनक होगा आवागमन: परियोजना के तहत केकड़ी क्षेत्र में सड़क सुविधाओं का विस्तार तीन चरणों में किया जाना प्रस्तावित है। दूसरे चरण में केकड़ी से नसीराबाद तक वर्तमान दो लेन सड़क को चार लेन में विकसित किया जाएगा। करीब 48.419 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के फोरलेन बनने से नसीराबाद, अजमेर सहित आसपास के प्रमुख शहरों तक आवागमन अधिक सुविधाजनक होगा। इसके साथ ही यातायात का दबाव कम होने, यात्रा समय की बचत और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका में कमी आने की उम्मीद है।

केकड़ी: शत्रुघ्न गौतम, विधायक (फाइल फोटो)

पहले चरण में केकड़ी-देवली फोरलेन और रिंग रोड का काम: परियोजना के पहले चरण में केकड़ी-देवली फोरलेन सड़क और रिंग रोड का निर्माण कार्य चल रहा है। प्रस्तावित रिंग रोड अजमेर रोड से शुरू होकर पुराने ब्यावर रोड, कादेड़ा रोड, सावर रोड, पुराने कोटा रोड और देवली रोड से होते हुए नायकी चौराहे तक पहुंचेगा। यहां से इसे राजपुरा रोड से जोड़ा जाएगा। इससे शहर के बाहरी हिस्सों को आपस में जोड़ने के साथ यातायात को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी।

तीसरे चरण में राजपुरा-अजमेर रोड को जोड़ेगा रिंग रोड: परियोजना के तीसरे चरण में राजपुरा रोड से अजमेर रोड को जोड़ने वाले रिंग रोड का निर्माण प्रस्तावित है। इसके बनने से शहर के भीतर प्रवेश किए बिना बाहरी वाहनों को वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध हो सकेगा। इससे शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव घटने और व्यावसायिक गतिविधियों को सुगमता मिलने की संभावना है।

केकड़ी की सड़क कनेक्टिविटी को मिलेगी नई पहचान: विधायक शत्रुघ्न गौतम ने कहा कि तीनों चरणों के कार्य पूर्ण होने के बाद केकड़ी को फोरलेन सड़कों और रिंग रोड का बेहतर नेटवर्क मिल सकेगा। इससे क्षेत्र की सड़क कनेक्टिविटी मजबूत होने के साथ व्यापार, परिवहन और अन्य आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।