Monday, November 23, 2026
Home शासन प्रशासन दीपावली से पहले भेरू गेट क्षेत्र में शुरू हुआ पटाखों का हुड़दंग,...

दीपावली से पहले भेरू गेट क्षेत्र में शुरू हुआ पटाखों का हुड़दंग, घरों की छतों तक पहुंच रहे सुलगते अंगारे

केकड़ी: पटाखाबाजी का विरोध करते मोहल्लेवासी।

केकड़ी, 30 अक्टूबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): शहर के भेरू गेट क्षेत्र में कथित रूप से युवकों द्वारा झुंड बनाकर एक-दूसरे पर सुलगते पटाखे फेंकने से आसपास के बाशिंदों में भय का माहौल बना हुआ है। लोगों का कहना है कि पटाखों के अंगारे सड़क के अलावा कई बार महिलाओं, बच्चों और मकानों की छतों पर आकर गिर रहे हैं, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। मोहल्लेवासियों के अनुसार भेरू गेट क्षेत्र में युवक गंगा-जमुना, सीता-गीता जैसे तेज धमाके के साथ फूटने वाले पटाखे एक-दूसरे पर फेंककर हुड़दंग कर रहे है। इन पटाखों के सुलगते टुकड़े आसपास के रेगर मोहल्ला, कुम्हार मोहल्ला और कसाई मोहल्ला तक पहुंच रहे हैं। इससे महिलाओं और बच्चों में दहशत है। महिलाओं का घरों में खाना बनाना तक मुश्किल हो गया है, क्योंकि छतों पर अचानक जलते पटाखे गिरने से आगजनी की आशंका बनी रहती है।

मोहल्लेवासियों ने की कार्रवाई की मांग: लोगों का कहना है कि दीपावली पर्व अभी दूर है, इसके बावजूद प्रतिबंधित बताए जा रहे इस प्रकार के पटाखे बड़ी संख्या में युवकों तक कैसे पहुंच रहे हैं, यह गंभीर जांच का विषय है। मोहल्लेवासियों ने सवाल उठाया कि जब पटाखा विक्रेताओं को अभी लाइसेंस जारी नहीं हुए हैं तो इतनी बड़ी मात्रा में खतरनाक पटाखे बाजार में उपलब्ध कैसे हो रहे हैं। मोहल्लेवासियों ने इस मामले को लेकर उपखंड अधिकारी केकड़ी, थानाधिकारी केकड़ी तथा जिला कलेक्टर अजमेर को शिकायत भेजी है। उन्होंने मांग की है कि इस हुड़दंग पर तत्काल प्रभावी रोक लगाई जाए तथा प्रतिबंधित एवं खतरनाक पटाखों की उपलब्धता के स्रोत की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए, ताकि किसी अप्रिय घटना से पहले समस्या का समाधान हो सके।