केकड़ी, 11 नवम्बर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): दीपावली पर्व पर हुई तेज और अनियंत्रित पटाखाबाजी के चलते केकड़ी शहर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में आगजनी की घटनाओं का सिलसिला देखने को मिला। पटाखों से निकली चिंगारियों के कारण अलग-अलग स्थानों पर आग लगने की 13 घटनाएं सामने आईं, जिनमें लाखों रुपए के नुकसान का अनुमान है। इन घटनाओं में सबसे बड़ा नुकसान सब्जी मंडी स्थित एवरेस्ट टेलर्स की दुकान में हुआ, जहां आग लगने से दुकान का सारा सामान जलकर राख हो गया। गनीमत रही कि दमकल टीम ने समय रहते आग पर काबू पा लिया, अन्यथा आग आसपास की दुकानों को भी अपनी चपेट में ले सकती थी।

प्रमुख घटनाएं: आगजनी की घटनाओं में पशुओं के बाड़ों में रखा बड़ी मात्रा में चारा भी जलकर खाक हो गया। कादेड़ा रोड स्थित ट्रेचिंग ग्राउंड के पास लगी आग ने विकराल रूप लेते हुए करीब 10 ट्रॉली चारे को अपनी चपेट में ले लिया। इस दौरान एक बछड़ी, एक कुतिया और उसके चार-पांच नवजात बच्चे भी आग की चपेट में आ गए। वहीं देवगांव में एक बाड़े में आग लगने से दो मोटरसाइकिल और चारा जल गया। राजपुरा रोड पर सेंट्रल एकेडमी के पास स्थित बाड़े में भी आग लगने से चारा जलकर नष्ट हो गया।

यहां भी हुआ नुकसान: प्राप्त जानकारी के अनुसार दीपावली के दौरान आगजनी की घटनाओं को लेकर नगर पालिका की दमकल टीमों को लगातार दौड़भाग करनी पड़ी। रामपाली स्थित स्कूल ग्राउंड में घास जल गई, वहीं राजपुरा रोड पर नीलम मैरिज गार्डन के सामने खाली मैदान में उगे चारे में आग लग गई। दंड का रास्ता स्थित खाली प्लॉट में बबूल के पेड़ों ने आग पकड़ ली। इसके अलावा भी शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में कई स्थानों पर आगजनी की घटनाएं हुईं। दमकलकर्मी मनीष कुमार के अनुसार मंगलवार को कुल 13 स्थानों पर आग लगने की घटनाएं सामने आईं है।

पूरी रात सक्रिय रहे दमकलकर्मी: दमकलकर्मी मनीष कुमार, कैलाश चंद, गणेश गुर्जर, सुरेन्द्र सिंह, गौरीशंकर, रोशंता मीणा, नितेश गुर्जर व शांति देवी सहित अन्य कर्मियों ने त्योहार के दौरान पूरी रात सक्रिय रहकर आग बुझाने का कार्य किया। दमकल टीमों ने सूचना मिलते ही विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। उनकी त्वरित कार्रवाई से अधिकांश स्थानों पर आग को फैलने से पहले ही नियंत्रित कर लिया गया, जिससे कई बड़ी घटनाएं होने और आसपास के प्रतिष्ठानों एवं संपत्तियों को नुकसान पहुंचने से बचाया जा सका।













