Monday, November 23, 2026
Home शासन प्रशासन अतिक्रमण हटाने के दौरान दो पक्षों में चले लाठी डंडे, पुलिस ने...

अतिक्रमण हटाने के दौरान दो पक्षों में चले लाठी डंडे, पुलिस ने किया लाठीचार्ज

केकड़ी: सरवाड़ में दरगाह के बाहर से अतिक्रमण हटाती पालिका की जेसीबी।

केकड़ी, 01 फरवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी जिलान्तर्गत सरवाड़ थाना क्षेत्र में गुरुवार को दरगाह क्षेत्र में स्थित बुलंद दरवाजे के पास अवैध अतिक्रमण के मामले में दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। विवाद के दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी डंडे चले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को मौके से खदेड़ा। पुलिस उप अधीक्षक संजय सिंह चंपावत ने बताया कि दरगाह के बुलंद दरवाजे के एक तरफ पहले से ही फूलों की दुकान लगी हुई है। दूसरी तरफ भाजपा पार्षद ने फूलों की दुकान लगाने के लिए तैयारी शुरू की थी।
केकड़ी: अतिक्रमण हटाने के दौरान हुए विवाद के बाद मौके पर मौजूद पुलिस व प्रशासन के उच्चाधिकारी।

दरगाह मुतवल्ली ने की शिकायत सरवाड़ दरगाह के मुतवल्ली ने 30 जनवरी को उपरोक्त अतिक्रमण की शिकायत उपखंड अधिकारी से की। जिस पर कार्यवाही करते हुए गुरुवार को नगर पालिका का एक दल अतिक्रमण हटाने पहुंच गया। इस दौरान भाजपा पार्षद व दरगाह मुतवल्ली स्टॉफ के मध्य जोरदार विवाद हो गया। सूचना पर सरवाड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश का प्रयास किया। लेकिन पुलिस के प्रयास नाकाफी साबित हुए। तनाव बढ़ता देख पुलिस ने लाठी चार्ज कर मौके से भीड़ को खदेड़ दिया।

जेसीबी से हटाया अतिक्रमण माहौल शांत होने के बाद पालिकाकर्मियों ने जेसीबी की सहायता से अतिक्रमण को हटा दिया। घटना का पता चलने पर पुलिस उप अधीक्षक संजय सिंह चंपावत भी मौके पर पहुंचे गए। चंपावत ने बताया कि दरगाह के बुलंद दरवाजे के दोनों और अतिक्रमण कर रखा था। शिकायत पर दोनों पक्षों के अतिक्रमण हटा दिए गए हैं। इसके अलावा अन्य चिन्हित अतिक्रमण को भी हटा दिया गया है। मौके पर फिलहाल शांति है। मामले में फिलहाल किसी भी पक्ष ने कोई रिपोर्ट नहीं दी है।