केकड़ी, 04 अक्टूबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): नव भारत साक्षरता अभियान के अंतर्गत रविवार को ब्लॉक केकड़ी के 107 परीक्षा केंद्रों पर नवसाक्षरों की परीक्षा आयोजित हुई। परीक्षा में 2775 महिलाओं एवं 925 पुरुषों सहित कुल 3700 नवसाक्षरों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। परीक्षा में नवसाक्षरों की पढ़ने-लिखने, समझने एवं दैनिक जीवन में उपयोगी गणितीय दक्षताओं का मूल्यांकन किया गया। सभी केंद्रों पर प्रधानाचार्यों, संस्था प्रधानों, स्वयंसेवी शिक्षकों एवं संबंधित कार्मिकों के सहयोग से आवश्यक व्यवस्थाएं एवं अनुशासन सुनिश्चित किया गया।

कंट्रोल रूम से की निगरानी: ब्लॉक कॉर्डिनेटर भंवर लाल जांगिड़ ने बताया कि परीक्षा की निगरानी के लिए ब्लॉक स्तर पर कंट्रोल रूम गठित किया गया था। कंट्रोल रूम में रजनीश कुमार शर्मा, गौरव पुरोहित, पंकज कुमार सैनी, अभिषेक शर्मा एवं ऋषभ गदिया ने आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं। मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी गोपीलाल कीर ने बताया कि नव भारत साक्षरता अभियान का उद्देश्य वयस्कों को बुनियादी साक्षरता एवं जीवनोपयोगी ज्ञान से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। परीक्षा के बाद उत्तर पुस्तिकाओं की जांच कर परिणाम ऑनलाइन अपलोड किया जाएगा।













