केकड़ी, 19 नवम्बर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): लॉर्ड तिरुपति महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में विकसित भारत नशामुक्त अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्वयंसेवकों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प दिलाया गया। कार्यक्रम अधिकारी पूरण मल वर्मा ने कहा कि युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर अंकुश लगाना वर्तमान समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। इसके लिए युवाओं को स्वयं नशे से दूर रहते हुए अपने साथियों, परिवारजनों और समाज के लोगों को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना चाहिए। उन्होंने स्वयंसेवकों से गांवों और आसपास के क्षेत्रों में नशामुक्ति का संदेश पहुंचाने का आह्वान किया।

नशामुक्त समाज में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण: इस अवसर पर एनसीसी प्रभारी अम्बालाल गुर्जर ने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। युवा स्वयं जागरूक होकर समाज के अन्य लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित कर सकते हैं। कार्यक्रम के तहत महाविद्यालय परिसर से जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में स्वयंसेवकों ने नशामुक्ति से जुड़े नारे लगाकर आमजन को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम में व्याख्याता अम्बालाल गुर्जर, रामप्रसाद कुमावत, शिवजी कुमावत, पूजा शर्मा एवं विशाखा ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया। अंत में प्राचार्य डॉ. ज्ञानचंद जांगिड़ ने सभी का आभार व्यक्त किया।













