Sunday, November 22, 2026
Home शिक्षा कॉलेज विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति किया जागरूक, निबंध व...

कॉलेज विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति किया जागरूक, निबंध व पोस्टर प्रतियोगिताओं के जरिए दिया नशामुक्ति का संदेश

केकड़ी: राजकीय महाविद्यालय में आयोजित नशामुक्ति कार्यक्रम में मौजूद अतिथिगण।

केकड़ी, 19 नवम्बर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): राजकीय महाविद्यालय में नई किरण नशा मुक्ति केंद्र के तत्वावधान में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देकर नशामुक्त जीवन अपनाने और समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता के रूप में राजकीय मॉडल नर्सिंग कॉलेज केकड़ी के कार्यवाहक प्राचार्य कन्हैयालाल टेलर तथा राजकीय महाविद्यालय की कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. रजनी यादव उपस्थित रहीं। मुख्य वक्ता कन्हैयालाल टेलर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक जीवन को प्रभावित करता है। नशे की लत केवल व्यक्ति के लिए ही नहीं, बल्कि उसके परिवार और पूरे समाज के लिए भी हानिकारक है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेलकूद एवं सकारात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

नशा नाश का दूजा नाम: कार्यक्रम प्रभारी मनोज कुमार ढाका ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने तथा स्वयं नशे से दूर रहने का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर नशामुक्ति विषय पर निबंध एवं पोस्टर प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन एनएसएस अधिकारी डॉ. आनंद पाराशर ने किया। अंत में सहायक प्रभारी एकता नेहरा ने सभी अतिथियों, संकाय सदस्यों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में सह प्रभारी प्रवीण वर्मा, ज्योति मीना, डॉ. शहजाद अली, तनु बसवाल एवं संजीव कुमार सहित महाविद्यालय के अन्य संकाय सदस्य मौजूद रहे।