Saturday, November 28, 2026
Home राजनीति पंचायतीराज चुनाव का आखिरी संग्राम: उप प्रधान पद के लिए भाजपा की...

पंचायतीराज चुनाव का आखिरी संग्राम: उप प्रधान पद के लिए भाजपा की रैना सैनी व कांग्रेस की रामकन्या कुमावत आमने-सामने

केकड़ी: भाजपा की रैना सैनी व कांग्रेस की रामकन्या कुमावत (फाइल फोटो)।

केकड़ी, 28 नवंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी पंचायत समिति में प्रधान पद के चुनाव के बाद अब उप प्रधान पद को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। शनिवार को उप प्रधान पद के लिए भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला तय हो गया। भाजपा की ओर से वार्ड संख्या 15 की सदस्य रैना सैनी तथा कांग्रेस की ओर से वार्ड संख्या 11 की सदस्य रामकन्या कुमावत ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। दोनों प्रत्याशियों के आमने-सामने आने से उप प्रधान पद का चुनाव भी रोचक हो गया है। अब सबकी निगाहें दोपहर बाद होने वाले मतदान और उसके परिणाम पर टिकी हैं।

दोपहर बाद होगा फैसला: निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शनिवार सुबह दोनों प्रत्याशियों ने निर्वाचक पंजीयन एवं उपखण्ड अधिकारी सुरेश कुमार बलाई के समक्ष नामांकन प्रस्तुत किए। सबसे पहले कांग्रेस प्रत्याशी रामकन्या कुमावत ने नामांकन दाखिल किया, जबकि इसके बाद भाजपा प्रत्याशी रैना सैनी ने अपना पर्चा भरा। उपखण्ड अधिकारी बलाई ने बताया कि अपराह्न 1 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। आवश्यक होने पर अपराह्न 3 बजे से शाम 5 बजे के बीच मतदान कराया जाएगा। मतदान संपन्न होने के बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किया जाएगा।

इंद्रनारायण को प्रत्याशी नहीं बनाने पर विरोध: उप प्रधान पद के चुनाव को लेकर भाजपा के भीतर भी असंतोष के स्वर सुनाई दिए। नामांकन प्रक्रिया के दौरान वार्ड संख्या 13 से विजयी भाजपा सदस्य इंद्रनारायण गुर्जर को पार्टी की ओर से प्रत्याशी नहीं बनाए जाने पर गुर्जर समाज के लोगों ने पंचायत समिति परिसर में विरोध जताया। इन्द्रनारायण गुर्जर के समर्थकों ने उन पर नामांकन दाखिल करने का दबाव बनाया। इस दौरान कुछ समय तक पंचायत समिति परिसर में गहमागहमी का माहौल रहा। बाद में भाजपा के वरिष्ठ कार्यक्रर्ताओं की समझाइश के बाद मामला शांत हुआ। इस घटनाक्रम ने उप प्रधान पद के चुनाव को लेकर भाजपा की अंदरूनी सियासत को भी चर्चा में ला दिया।

यामिनी चौहान के घटनाक्रम से भी बढ़े कयास: इससे पहले शुक्रवार को प्रधान पद के चुनाव में भाजपा की प्रकाश कंवर ने कांग्रेस की शांतिदेवी कुमावत को एक मत से हराकर जीत दर्ज की थी। प्रधान पद के चुनाव के बाद वार्ड संख्या 1 से विजयी भाजपा सदस्य यामिनी चौहान के बाड़ेबंदी में शामिल होने के बजाय अपने निजी वाहन में बैठकर रवाना होने के घटनाक्रम ने भी राजनीतिक चर्चाओं को हवा दी थी। अब उप प्रधान पद के चुनाव में भाजपा की ओर से प्रत्याशी चयन और पार्टी के भीतर उभरे विरोध के बीच राजनीतिक हलचल और बढ़ गई है। गौरतलब है कि केकड़ी पंचायत समिति में कुल 15 सदस्य हैं। इनमें भाजपा के 8 तथा कांग्रेस के 7 सदस्य हैं। ऐसे में संख्याबल के लिहाज से भाजपा की स्थिति मजबूत मानी जा रही है, लेकिन चुनावी घटनाक्रम और राजनीतिक समीकरणों के बीच उप प्रधान पद का अंतिम फैसला मतदान के बाद ही स्पष्ट होगा।