Friday, November 27, 2026
Home राजनीति पंचायत समिति प्रधान की कुर्सी का सियासी संग्राम: भाजपा ने जताया ‘प्रकाश’...

पंचायत समिति प्रधान की कुर्सी का सियासी संग्राम: भाजपा ने जताया ‘प्रकाश’ पर भरोसा, कांग्रेस ने खेला ‘शांति’ पर दांव

केकड़ी: भाजपा प्रत्याशी प्रकाश कंवर व कांग्रेस प्रत्याशी शांतिदेवी कुमावत (फाइल फोटो)

केकड़ी, 27 नवंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी पंचायत समिति में प्रधान पद की कुर्सी को लेकर सियासी मुकाबला निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है। शुक्रवार को प्रधान पद के लिए नामांकन दाखिल होने के साथ ही भाजपा और कांग्रेस ने अपने-अपने प्रत्याशियों को मैदान में उतार दिया है। भाजपा ने वार्ड संख्या 3 से निर्विरोध निर्वाचित प्रकाश कंवर पर भरोसा जताया है, वहीं कांग्रेस ने वार्ड संख्या 7 से निर्वाचित शांतिदेवी कुमावत को प्रत्याशी बनाकर चुनावी दांव खेला है। पंचायत समिति के कुल 15 वार्डों में भाजपा के 8 और कांग्रेस के 7 सदस्य निर्वाचित हुए हैं। ऐसे में प्रधान पद के चुनाव में भाजपा का पलड़ा संख्याबल के लिहाज से भारी नजर आ रहा है। नामांकन पत्रों की संवीक्षा के बाद अपराह्न 3 बजे से मतदान होगा। मतदान समाप्त होते ही मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे।

केकड़ी: उपखण्ड अधिकारी के समक्ष प्रधान पद के लिए नामांकन प्रस्तुत करती कांग्रेस प्रत्याशी शांतिदेवी कुमावत।

शांतिदेवी कुमावत ने कांग्रेस से भरा नामांकन: निर्वाचन प्रक्रिया के तहत सबसे पहले निर्वाचक पंजीयन एवं उपखंड अधिकारी सुरेश कुमार बलाई ने कांग्रेस के टिकट पर निर्वाचित शांतिदेवी कुमावत एवं सोनिया कुमारी बैरवा को पंचायत समिति सदस्य पद की शपथ दिलाई तथा प्रमाण पत्र प्रदान किए। इसके बाद शांतिदेवी कुमावत ने कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में प्रधान पद के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया। उनके नामांकन पर सोनिया कुमारी बैरवा ने प्रस्तावक के रूप में हस्ताक्षर किए। इस दौरान नगर कांग्रेस अध्यक्ष हेमंत जैन, पालिका अध्यक्ष अनिल मित्तल, सरवाड़ ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष श्यामलाल बैरवा, पार्षद दिलखुश चौधरी सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

केकड़ी: उपखण्ड अधिकारी के समक्ष प्रधान पद के लिए नामांकन प्रस्तुत करती भाजपा प्रत्याशी प्रकाश कंवर।

प्रकाश कंवर ने भाजपा से भरा नामांकन: भाजपा ने वार्ड संख्या 3 से निर्विरोध निर्वाचित प्रकाश कंवर को प्रधान पद का अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया। इसके बाद प्रकाश कंवर ने भाजपा प्रत्याशी के रूप में नामांकन पत्र दाखिल किया। उनके नामांकन पर गजराज कीर ने प्रस्तावक के रूप में हस्ताक्षर किए। नामांकन से पूर्व प्रकाश कंवर एवं गजराज कीर ने पद की शपथ ली तथा उपखंड अधिकारी से प्रमाण पत्र प्राप्त किए। इस दौरान भाजपा देहात जिला अध्यक्ष जीतमल प्रजापत, अर्जुन नलिया, देहात जिला महामंत्री रायचंद बागड़ी, केकड़ी शहर मंडल अध्यक्ष रितेश जैन, पार्षद केदार शर्मा, एडवोकेट घनश्याम वैष्णव, मनोज कुमावत सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।