केकड़ी, 30 सितंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026 के तहत राज्य सरकार एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद अजमेर के निर्देशानुसार बुधवार को ग्राम पंचायत बघेरा में ब्लॉक स्तरीय सफाई मित्र सुरक्षा एवं जांच शिविर आयोजित किया गया। पंचायत समिति केकड़ी क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों में नियोजित सफाई मित्रों के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें आवश्यक दवाइयां वितरित की गईं।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विकास अधिकारी पंचायत समिति केकड़ी आनंद शर्मा रहे। इस दौरान ग्राम पंचायत बघेरा के प्रशासक लालाराम जाट, अतिरिक्त विकास अधिकारी महेंद्र सिंह राठौड़ तथा स्वच्छ भारत मिशन पंचायत समिति केकड़ी के प्रभारी अधिकारी रमेश चंद्र गुर्जर सहित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में सफाई मित्रों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन अधिनियम-2026 के प्रावधानों की जानकारी देते हुए स्वच्छता बनाए रखने और कचरे के उचित प्रबंधन के प्रति जागरूक किया गया। अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाने में सफाई मित्रों की भूमिका महत्वपूर्ण है। उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा का ध्यान रखना भी जरूरी है।

80 सफाई मित्रों का स्वास्थ्य परीक्षण: ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी केकड़ी के निर्देशानुसार चिकित्सा टीम ने शिविर में 80 सफाई मित्रों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। चिकित्सक डॉ. विजय प्रभाकर, लैब टेक्नीशियन पवन कुमार, फार्मासिस्ट विनोद तोन्दवाल, फीमेल हेल्थ वर्कर पूजा गुर्जर एवं सीएचओ पूजा सैनी ने स्वास्थ्य जांच में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जांच के बाद जरूरत के अनुसार सफाई मित्रों को दवाइयां भी वितरित की गईं। सफाई मित्रों को प्रमाण-पत्र देकर किया सम्मानित: कार्यक्रम के दौरान सफाई मित्र सम्मान समारोह भी आयोजित किया गया। ब्लॉक कोऑर्डिनेटर राजकुमार कीर ने बताया कि सफाई मित्रों के प्रशंसनीय कार्य के लिए प्रमाण-पत्र वितरित किए। वहीं कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई।राज्य सरकार की इस पहल पर सफाई मित्रों ने खुशी जाहिर करते हुए समय-समय पर इस प्रकार के स्वास्थ्य जांच एवं सुरक्षा शिविर आयोजित करने की मांग की। आयोजन में ग्राम विकास अधिकारी दिलकुश गुर्जर एवं ग्राम पंचायत प्रशासन ने सराहनीय व्यवस्थाएं की। विकास अधिकारी आनंद शर्मा ने ग्राम पंचायत प्रशासन का धन्यवाद ज्ञापित किया।













