केकड़ी, 26 नवम्बर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग राजस्थान के तत्वावधान में आयोजित 32वीं जिला स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस-2026 में एम.एल.डी. शिक्षण संस्थान के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता का आयोजन राजकीय विद्यालय में किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने अपनी वैज्ञानिक सोच और नवाचारपूर्ण परियोजनाओं के माध्यम से प्रतिभा का परिचय दिया। प्रधानाचार्या संगीता कुमावत ने बताया कि इस वर्ष बाल विज्ञान कांग्रेस का मुख्य विषय ‘सतत विकास के लिए विज्ञान एवं नवाचार’ रखा गया था।

ये रहे परिणाम: प्रतियोगिता में एम.एल.डी. इंटरनेशनल एकेडमी के विद्यार्थी रुद्राक्ष जेतवाल और सुमित सैनी ने ‘वाटर हार्वेस्टिंग’ (जल संचयन) विषय पर अपनी परियोजना प्रस्तुत की। जल संरक्षण एवं वर्षा जल संचयन के महत्व को वैज्ञानिक दृष्टिकोण से प्रस्तुत करने वाली उनकी परियोजना को जिला स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ। इसी प्रकार एम.एल.डी. गर्ल्स स्कूल की छात्राओं भुवनेश्वरी और गौरी खटीक ने ‘जादुई रसोईघर व हमारा स्वास्थ्य’ विषय पर परियोजना प्रस्तुत की, जिसे प्रतियोगिता में पांचवां स्थान मिला।

संस्थान ने जताया हर्ष: विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय प्रशासन एवं शिक्षकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सफल विद्यार्थियों और उनके मार्गदर्शक शिक्षकों को बधाई दी। संस्था पदाधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तार्किक चिंतन एवं नवाचार की भावना विकसित करने के साथ ही उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करती हैं।












