Monday, November 23, 2026
Home शिक्षा छात्राओं को आत्मनिर्भर और निडर बनाने की पहल, कॉलेज में 24 दिवसीय...

छात्राओं को आत्मनिर्भर और निडर बनाने की पहल, कॉलेज में 24 दिवसीय आत्मरक्षा प्रशिक्षण शुरू

केकड़ी: आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ करते अतिथिगण।

केकड़ी, 23 नवम्बर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): छात्राओं को शारीरिक रूप से सशक्त, आत्मनिर्भर एवं आत्मविश्वासी बनाने के उद्देश्य से सोमवार को राजकीय महाविद्यालय केकड़ी में 24 दिवसीय रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ हुआ। शिविर में महाविद्यालय की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मार्शल आर्ट प्रशिक्षक निलेश नामा ने छात्राओं को आत्मरक्षा की तकनीकों के व्यावहारिक महत्व से अवगत कराया। उन्होंने छात्राओं से निडर होकर प्रशिक्षण प्राप्त करने तथा विपरीत परिस्थितियों में आत्मरक्षा के लिए इन तकनीकों का उपयोग करने का आह्वान किया। अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. के.एल. मीणा ने छात्राओं को 24 दिवसीय प्रशिक्षण का अधिकाधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि छात्राओं को रानी लक्ष्मीबाई की तरह साहस, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प के साथ जीवन में आगे बढ़ना चाहिए।

आत्मनिर्भर बनने के लिए किया प्रेरित: शुरुआत में कार्यक्रम संयोजक डॉ. ज्योति मीना ने अतिथियों का स्वागत किया तथा प्रशिक्षण शिविर की रूपरेखा प्रस्तुत की। डॉ. रजनी ने महिला सशक्तिकरण एवं सुरक्षा विषय पर विचार व्यक्त करते हुए छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. आनंद पाराशर ने किया। आयोजन में प्रवीण वर्मा ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया। अंत में समिति सदस्य एवं सहायक आचार्य एकता नेहरा ने अतिथियों, संकाय सदस्यों एवं प्रतिभागी छात्राओं का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर सहायक आचार्य मनोज ढाका, तनु बसवाल सहित महाविद्यालय के अन्य संकाय सदस्य उपस्थित रहे।