Thursday, November 26, 2026
Home शिक्षा संविधान दिवस पर विद्यार्थियों ने जाना अधिकारों का महत्व, कर्तव्यों के निर्वहन...

संविधान दिवस पर विद्यार्थियों ने जाना अधिकारों का महत्व, कर्तव्यों के निर्वहन का लिया संकल्प

केकड़ी: श्री मिश्रीलाल दुबे महिला शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय में संविधान दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में मंचासीन अतिथि।

केकड़ी, 26 नवम्बर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को शहर के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान विद्यार्थियों को भारतीय संविधान की महत्ता, मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदान के महत्व की जानकारी दी गई। विभिन्न आयोजनों में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन, निबंध प्रतियोगिता एवं मतदान की शपथ दिलाकर संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया। इसी कड़ी में श्री मिश्रीलाल दुबे महिला शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय में संविधान दिवस एवं मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संस्था निदेशक चंद्रप्रकाश दुबे, विशिष्ट अतिथि राधेश्याम अहीर तथा अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. रामलाल वर्मा ने की। अतिथियों ने मां शारदा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया गया। इस दौरान छात्राध्यापिकाओं ने संवैधानिक मूल्यों की रक्षा एवं जिम्मेदार मतदाता बनने का संकल्प लिया।

केकड़ी: श्री मिश्रीलाल दुबे महिला शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय में संविधान दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में मौजूद छात्राध्यापिकाएं।

मतदान के प्रति किया जागरूक: वक्ताओं ने न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुत्व के संवैधानिक आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों का भी निर्वहन करना चाहिए। मतदाता जागरूकता के तहत छात्राध्यापिकाओं को बिना किसी भय, दबाव अथवा प्रलोभन के विवेकानुसार मतदान करने तथा अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में बीएड द्वितीय वर्ष से मोना कुमावत, कौशल, प्रिया सेन, बिंदु, पूजा रेगर, पूजा कुमारी रेगर एवं लाली मीणा; बीएसटीसी प्रथम वर्ष से रेणु शर्मा एवं अंजली टाक; बीए बीएड चतुर्थ वर्ष से मनीषा शर्मा एवं कौशल्या; बीए बीएड द्वितीय वर्ष से कृष्णा बैरवा एवं लीला कुमावत; बीएससी बीएड द्वितीय वर्ष से लीला मीणा तथा बीएससी बीएड चतुर्थ वर्ष से काशिफा खिलजी ने सहभागिता निभाई। इस अवसर पर महावीर वर्मा, रामलाल खटीक, विनोद कुमार लोहार, रामप्रसाद साहू, सोनू खटीक, यसपाल मीणा, निर्मला वैष्णव एवं रानी छीपा उपस्थित रहे।

केकड़ी: राजकीय महाविद्यालय में संविधान दिवस समारोह में विचार व्यक्त करते आनन्द पाराशर।

राजकीय महाविद्यालय में निबंध प्रतियोगिता आयोजित: राजकीय महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में संविधान दिवस मनाया गया। इस अवसर पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई। मुख्य वक्ता एवं संविधान विशेषज्ञ सहायक आचार्य मनोज कुमार ढाका ने संविधान निर्माण की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, वर्तमान महत्ता एवं कार्यप्रणाली पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को मौलिक अधिकारों के साथ संवैधानिक कर्तव्यों के पालन के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. आनन्द पाराशर ने संविधान निर्माण की प्रक्रिया एवं भारत की विविधतापूर्ण सामाजिक-सांस्कृतिक संरचना के बारे में जानकारी दी। इस दौरान संकाय सदस्यों एवं विद्यार्थियों ने संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन कर देश की एकता एवं अखंडता बनाए रखने की शपथ ली। कार्यक्रम में सहायक आचार्य तनु बसवाल, एकता नेहरा, संजीव कुमार, शिम्भु सिंह एवं नीलम सहित बड़ी संख्या में एनएसएस स्वयंसेवक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

केकड़ी: राजकीय कृषि महाविद्यालय में संविधान की शपथ दिलाते प्राचार्य चेतन लाल रेगर।

कृषि महाविद्यालय में मतदान की दिलाई शपथ: राजकीय कृषि महाविद्यालय केकड़ी में भी संविधान दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं को मतदान की शपथ दिलाई गई तथा ‘महिला सशक्तिकरण में डॉ. अम्बेडकर का योगदान‘ विषय पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई। मुख्य वक्ता प्राचार्य चेतन लाल रेगर ने संविधान के मूल्यों एवं उसकी महत्ता पर विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में संकाय सदस्य डॉ. सूरज चौधरी, डॉ. राजेश चौधरी, महाविद्यालय कार्मिक यशोधन कुमावत, मुकेश एवं बलराम सेन सहित छात्र रोशन कुमार माली, गणेश, विष्णु बैरवा, हंसराज, प्रियांशु, अंजय सिंह, दिलखुश तथा छात्राएं सरिता जाट एवं अंशु कुमावत ने भाग लिया।