Monday, November 23, 2026
Home शिक्षा नाइलिट में गूंजा नशा मुक्ति का संदेश, 200 से अधिक विद्यार्थियों ने...

नाइलिट में गूंजा नशा मुक्ति का संदेश, 200 से अधिक विद्यार्थियों ने ली शपथ

केकड़ी: नाइलिट में नशामुक्ति की शपथ लेते विद्यार्थी।

केकड़ी, 23 नवम्बर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): विकसित भारत नशा मुक्त अभियान के तहत शुक्रवार को नाइलिट में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई एवं नशा मुक्ति केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में संकल्प कार्यक्रम आयोजित किया गया। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार तथा क्षेत्रीय निदेशालय, राष्ट्रीय सेवा योजना जयपुर के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रम में 200 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लेकर नशा मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया। कार्यक्रम में डॉ. करुणा शील ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए नशे के सामाजिक, पारिवारिक एवं व्यक्तिगत दुष्परिणामों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही प्रभावित नहीं करता, बल्कि परिवार की खुशहाली, सामाजिक व्यवस्था और देश की युवा शक्ति को भी कमजोर करता है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ, जागरूक एवं नशा मुक्त युवा पीढ़ी ही विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। इसके लिए प्रत्येक नागरिक को स्वयं नशे से दूर रहने के साथ ही समाज में भी जागरूकता फैलानी होगी।

हस्ताक्षर अभियान में लिया भाग: कार्यक्रम के प्रारंभ में विद्यार्थियों को सामूहिक रूप से नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। विद्यार्थियों ने स्वयं नशे से दूर रहने, परिवार एवं मित्रों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया। इस दौरान नशा विरोधी नारों के माध्यम से जागरूकता का संदेश दिया गया। साथ ही आयोजित हस्ताक्षर अभियान में विद्यार्थियों ने हस्ताक्षर कर आजीवन नशा नहीं करने तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने की प्रतिबद्धता जताई। कार्यक्रम में युवाओं की सहभागिता को सामाजिक परिवर्तन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा गया कि नशा मुक्ति के लिए शासन-प्रशासन, शैक्षणिक संस्थानों, परिवारों और समाज को मिलकर प्रयास करने होंगे। अंत में विद्यार्थियों से अभियान के संदेश को अपने परिवार, मित्रों एवं समाज तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।