Wednesday, November 25, 2026
Home शिक्षा लॉर्ड तिरुपति महाविद्यालय में स्वागतांजलि-2026 का आगाज, छात्राओं ने बिखेरे प्रतिभा के...

लॉर्ड तिरुपति महाविद्यालय में स्वागतांजलि-2026 का आगाज, छात्राओं ने बिखेरे प्रतिभा के रंग

केकड़ी: लॉर्ड तिरुपति महाविद्यालय में सलाद प्रतियोगिता में भाग लेती छात्राएं।

केकड़ी, 25 नवम्बर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): सावर रोड स्थित लॉर्ड तिरुपति महाविद्यालय में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत एवं उनकी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित तीन दिवसीय प्रवेश उत्सव ‘स्वागतांजलि-2026’ का बुधवार को उत्साह और उमंग के साथ शुभारंभ हुआ। उत्सव के पहले दिन विभिन्न रचनात्मक एवं मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

इन प्रतियोगिताओं का हुआ आयोजन: कार्यक्रम के तहत मेहंदी, रंगोली एवं सलाद सजावट प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। मेहंदी प्रतियोगिता में छात्राओं ने आकर्षक डिजाइनों के माध्यम से अपनी कलात्मक प्रतिभा का परिचय दिया, वहीं रंगोली प्रतियोगिता में रंगों और कल्पनाओं का सुंदर संगम देखने को मिला। सलाद सजावट प्रतियोगिता में भी छात्राओं ने अपनी रचनात्मकता और हुनर का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं के दौरान महाविद्यालय परिसर में उत्सवी माहौल बना रहा।

केकड़ी: रंगोली व मेहंदी बनाओ प्रतियोगिता में विजयी रही प्रस्तुति।

ये रहे परिणाम: प्रतियोगिताओं के परिणामों में मेहंदी प्रतियोगिता में राधिका सोनी ने प्रथम, चंचल ने द्वितीय तथा पूजा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। रंगोली प्रतियोगिता में गौरांशी ग्रुप प्रथम, निशा ग्रुप द्वितीय तथा चंचल ग्रुप तृतीय स्थान पर रहा। इसी प्रकार सलाद सजावट प्रतियोगिता में यासमीन ग्रुप ने प्रथम, चंचल ग्रुप ने द्वितीय तथा सुनीता ग्रुप ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

खेल एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं से सजेगा उत्सव: तीन दिवसीय स्वागतांजलि-2026 के तहत गुरुवारको विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा, जिसमें विद्यार्थी खेल भावना के साथ अपनी शारीरिक दक्षता एवं खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। वहीं शुक्रवार को उत्सव का मुख्य आकर्षण भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा। इसमें विद्यार्थी नृत्य, संगीत एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी कला और प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।