केकड़ी, 26 नवम्बर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): गोवंश संरक्षण एवं गो सम्मान के उद्देश्य से चलाए जा रहे गो सम्मान आह्वान अभियान के तृतीय चरण के तहत 17 दिसंबर 2026 को जयपुर में प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी क्रम में रामस्नेही संत दिग्विजय राम महाराज के सान्निध्य में अभियान के पोस्टर का विमोचन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संत दिग्विजय राम महाराज ने कहा कि गोवंश भारतीय संस्कृति, परंपरा एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। गोवंश का संरक्षण एवं संवर्धन केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी गोभक्तों से इस अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाकर गो सम्मान की आवाज को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

31 करोड़ हस्ताक्षर एकत्रित करने का लक्ष्य: कार्यकर्ताओं के अनुसार अभियान के तहत संपूर्ण भारतवर्ष में 31 करोड़ हस्ताक्षर एकत्रित करने का लक्ष्य निर्धारित कर हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है। हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से गोवंश संरक्षण एवं गो सम्मान से संबंधित मांगों को लेकर जनसमर्थन जुटाया जा रहा है। आगामी 17 दिसंबर को जयपुर में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में एकत्रित हस्ताक्षरों के साथ माननीय प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम प्रार्थना पत्र सौंपे जाएंगे। अभियान के आयोजकों ने गोवंश संरक्षण के इस प्रयास में अधिकाधिक लोगों से सहभागिता निभाने तथा 17 दिसंबर को जयपुर पहुंचने का आह्वान किया है।













