Monday, November 23, 2026
Home राजनीति पंचायत राज चुनावों के लिए भाजपा ने सौंपी जिम्मेदारी, राजेन्द्र विनायका बने...

पंचायत राज चुनावों के लिए भाजपा ने सौंपी जिम्मेदारी, राजेन्द्र विनायका बने बनेड़ा और होनहार सिंह राठौड़ फूलिया कला के प्रभारी

केकड़ी: राजेन्द्र विनायका व होनहार सिंह राठौड़ (फाइल फोटो)

केकड़ी, 10 अक्टूबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): आगामी पंचायत राज चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में भाजपा प्रदेश नेतृत्व ने केकड़ी के वरिष्ठ नेता राजेन्द्र विनायका को भीलवाड़ा जिले की बनेड़ा पंचायत समिति तथा केकड़ी पंचायत समिति के निवर्तमान प्रधान होनहार सिंह राठौड़ को फूलिया कला पंचायत समिति का चुनाव प्रभारी नियुक्त किया है। दोनों पंचायत समितियां भीलवाड़ा जिले के शाहपुरा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आती हैं। इन नियुक्तियों के जरिए प्रदेश नेतृत्व ने दोनों नेताओं के संगठनात्मक अनुभव और चुनावी प्रबंधन क्षमता पर भरोसा जताया है। राजेन्द्र विनायका पूर्व में केकड़ी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के प्रत्याशी रह चुके हैं। वहीं, होनहार सिंह राठौड़ भी पंचायत स्तर पर संगठनात्मक गतिविधियों और पार्टी के विभिन्न कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं।

पूर्व में भी संभाल चुके है चुनावी प्रबंधन: दोनों नेताओं को पूर्व में भी विभिन्न चुनावों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी जा चुकी हैं। भाजपा प्रदेश नेतृत्व ने आगामी पंचायत राज चुनावों में संगठन को मजबूती देने और पार्टी की चुनावी रणनीति को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारने के उद्देश्य से इन नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी को उम्मीद है कि दोनों नेता अपने अनुभव, कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर समन्वय और चुनावी रणनीति के जरिए संबंधित पंचायत समिति क्षेत्रों में संगठन को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएंगे। दोनों नेताओं की नियुक्ति की खबर से भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों में उत्साह का माहौल है।