Tuesday, November 24, 2026
Home राजनीति केकड़ी में सेवा संकल्प यात्रा का स्वागत, जूनिया में युवाओं से हुआ...

केकड़ी में सेवा संकल्प यात्रा का स्वागत, जूनिया में युवाओं से हुआ संवाद, विधायक शत्रुघ्न गौतम बोले—अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे कल्याणकारी योजनाओं का लाभ

केकड़ी: सेवा संकल्प अभियान रथ का स्वागत करते विधायक शत्रुघ्न गौतम, भाजपा प्रदेश महामंत्री मिथिलेश गौतम एवं अन्य।

केकड़ी, 30 सितंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): भारतीय जनता पार्टी की ‘सेवा संकल्प अभियान—वाराणसी से वडनगर यात्रा’ के केकड़ी विधानसभा क्षेत्र में पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा और माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया। इस दौरान जूनिया में ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं, भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में युवाओं की भूमिका, सेवा, संगठन और राष्ट्रहित से जुड़े विषयों पर संवाद किया गया। युवाशक्ति को जनसेवा एवं संगठन के कार्यों से जोड़ने तथा सेवा के संकल्प को मजबूत करने पर विचार-विमर्श हुआ।

केकड़ी: सेवा संकल्प अभियान के तहत जूनियां में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते विधायक शत्रुघ्न गौतम।

सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान: कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक शत्रुघ्न गौतम ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा, सुशासन एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने युवाओं से जनसेवा के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश महामंत्री मिथिलेश गौतम, जिला महामंत्री रायचंद बागड़ी, मंडल अध्यक्ष सत्यनारायण गुर्जर, युवा मोर्चा प्रदेश मंत्री धीरज गौतम तथा युवा मोर्चा जिला महामंत्री देवव्रत सिंह राठौड़, वरिष्ठ भाजपा नेता ​वीरभद्र सिंह बघेरा सहित भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

केकड़ी में पुष्पवर्षा से स्वागत: भारतीय जनता पार्टी की ‘सेवा संकल्प अभियान यात्रा’ के केकड़ी पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा और माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया। यात्रा का नेतृत्व भाजपा प्रदेश महामंत्री मिथिलेश गौतम ने किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मिथिलेश गौतम ने कहा कि युवा शक्ति संगठन और राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण शक्ति है। युवाओं को सेवा एवं जनहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए आगे आना चाहिए। इस दौरान भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।