Tuesday, November 24, 2026
Home शासन प्रशासन शहरी सेवा शिविर में बड़ी सफलता: 40 साल पुराना अतिक्रमण संबंधी विवाद...

शहरी सेवा शिविर में बड़ी सफलता: 40 साल पुराना अतिक्रमण संबंधी विवाद सुलझा, उपखण्ड अधिकारी दीपांशु सांगवान की सूझबूझ से कायम हुई प्रेम की मिसाल

केकड़ी: अतिक्रमण संबंधी विवाद का निपटारा होने पर दोनों पक्षों को सहमति पत्र सौंपते उपखण्ड अधिकारी दीपांशु सांगवान।

केकड़ी, 30 सितंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): राजस्थान सरकार द्वारा चलाए जा रहे शहरी सेवा शिविर के दौरान मंगलवार को उपखण्ड अधिकारी दीपांशु सांगवान की सूझबूझ से केकड़ी में 40 वर्ष पुराना अतिक्रमण का विवाद आपसी सहमति से समाप्त हो गया। जैन समाज के प्रमुख पदाधिकारीगण एवं अन्य मौजिज लोग पुरानी केकड़ी स्थित दिगम्बर जैन मंदिर की भूमि व रास्ते पर अतिक्रमण संबंधी परिवाद लेकर सेवा शिविर में उपस्थित हुए। मंदिर समिति ने बताया कि 180 वर्ष पुराने इस मंदिर से जुड़ा अतिक्रमण का यह विवाद 40 साल से झगड़ों का कारण बन रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए उपखण्ड अधिकारी दीपांशु सांगवान ने तुरंत कार्रवाई की तथा विवाद का निपटारा कराया।

रिपोर्ट प्रस्तुत करने के दिए निर्देश: एसडीएम सांगवान ने हल्का पटवारी केकड़ी व गिरदावर को मौके पर जाकर मुआयना करने एवं नजरी नक्शा व वस्तुस्थिति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। रिपोर्ट मिलने के बाद उन्होंने दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर समझाइश वार्ता की। उनकी प्रभावी कार्यकुशलता के कारण दोनों पक्षों में अतिक्रमण हटाने पर सहमति बन गई। विवाद का शांतिपूर्ण हल निकलने पर दोनों पक्षों ने गले मिलकर प्रेम व सौहार्द की मिसाल कायम की। विवाद का खात्मा होने पर दिगम्बर जैन समाज ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, विधायक शत्रुघ्न गौतम एवं उपखण्ड अधिकारी दीपांशु सांगवान का आभार जताया तथा सेवा शिविरों की सराहना की।