Friday, November 27, 2026
Home शासन प्रशासन जिला कलक्टर ने मूंग खरीद केन्द्र का किया निरीक्षण, बोले— किसान हित...

जिला कलक्टर ने मूंग खरीद केन्द्र का किया निरीक्षण, बोले— किसान हित सर्वोपरि, निर्धारित मापदण्डों की हो अनुपालना

केकड़ी: सरवाड़ में क्रय विक्रय सहकारी समिति के अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश देते जिला कलक्टर विश्व मोहन शर्मा।

केकड़ी, 05 जनवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): सरवाड़ क्रय विक्रय सहकारी समिति द्वारा सरकारी समर्थन मूल्य पर की जा रही मूंग खरीद में अनियमितताओं की शिकायत पर केकड़ी जिला कलक्टर विश्व मोहन शर्मा ने शुक्रवार को खरीद केन्द्र का औचक निरीक्षण किया तथा समिति के अधिकारियों को निर्धारित मापदण्डों की अनुपालना करने के निर्देश दिए। उन्होंने नियमानुसार जिन्स का वजन लेने के लिए पाबंद किया। साथ ही निर्धारित शुल्क से अधिक राशि नहीं वसूलने एवं निर्धारित शुल्क का सूचना पट्ट खरीद स्थल पर लगवाने के निर्देश भी दिए।

नहीं लौटे एक भी किसान जिला कलक्टर विश्व मोहन शर्मा ने कहा कि किसानों के हितों का ध्यान रखना जरूरी है। सर्द मौसम में किसान परेशानी का सामना करके अपनी पैदावार लेकर आ रहे हैं। ऐसे में एक भी किसान वापस नहीं लौटना चाहिए। टोकन के अनुसार माल की तुलाई अवश्य होनी चाहिए। इस मौके पर अतिरिक्त जिला कलक्टर दिनेश चन्द धाकड़, सरवाड़ उपखंड अधिकारी विकास मोहन भाटी, केकड़ी कृषि उपज मण्डी समिति के सचिव उमेश शर्मा एवं क्रय विक्रय सहकारी समिति के अधिकारी, पुलिस अधिकारी, किसान व व्यापारी उपस्थित रहे।